By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने सोमवार को उन्नत अमेरिकी कंप्यूटिंग चिप और सर्वर तक पहुंच को सीमित करने के लिए नए नियम जारी किए। यह नियम चीन की ओर से अपने उन्नत कृत्रिम मेधा (एआई) मॉडल को प्रशिक्षित करने के लिए अमेरिकी चिप के इस्तेमाल की क्षमता सीमित करने की दिशा में नवीनतम कदम है। ये नियम ऐसे समय जारी किए गए हैं, जब कुछ दिन पहले एनवीडिया के सह-संस्थापक जेनसन हुआंग ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद से इस्तीफा दे दिया था।
ऐसा एक महिला अधिकारी के साथ उनके संबंधों की जांच के बीच हुआ, जो पहले सिंगापुर स्थित ‘मेगास्पीड इंटरनेशनल’ का नेतृत्व करती थी। इस कंपनी पर अमेरिकी निर्यात नियंत्रण नियमों का उल्लंघन कर उन्नत एनवीडिया चिप चीन भेजने का संदेह है। वाणिज्य विभाग के तहत उद्योग एवं सुरक्षा ब्यूरो ने तत्काल प्रभाव से लागू किए गए इन नियमों को जारी करते हुए कहा, ‘‘इस नियम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि तीसरे देशों में स्थित डेटा केंद्रों के जरिये दूरस्थ कंप्यूटिंग की व्यवस्था का इस्तेमाल कर संवेदनशील अमेरिकी प्रौद्योगिकी तक पहुंच पर लागू मौजूदा प्रतिबंधों से बचा न जा सके।’’ नए नियमों के तहत चीन, रूस, ईरान और क्यूबा सहित अन्य देशों की कंपनियों को सेवाएं देने वाले विदेशी डेटा केंद्रों के लिए अपने अंतिम उपयोगकर्ताओं की पहचान करना अनिवार्य होगा।