By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026
(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, 18 नवंबर अमेरिका में विदेशी कर्मचारियों के लिए रोजगार आधारित ग्रीन कार्ड के नियमों को और सख्त बनाने का प्रस्ताव रखा गया है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि फिजियो थेरेपिस्ट, नर्स और अत्यधिक कुशल पेशेवरों समेत विभिन्न पदों पर भर्ती के दौरान अमेरिकी नागरिकों को प्राथमिकता मिले। अमेरिका के श्रम विभाग ने मंगलवार को प्रोग्राम इलेक्ट्रॉनिक रिव्यू मैनेजमेंट (पीईआरएम) आप्रवासी वीजा प्रक्रिया के तहत श्रम बाजार की समीक्षा से जुड़े नियमों को आधुनिक बनाने के लिए एक नया प्रस्ताव पेश किया। पिछले 20 वर्ष में इन नियमों में पहली बार इतना बड़े बदलाव का प्रस्ताव किया गया है।
प्रस्तावित बदलावों के तहत नियोक्ताओं को विदेशी कर्मचारियों को ध्यान में रखकर नौकरी के अवसरों को तय करने या विज्ञापनों को उनके हिसाब से तैयार करने की अनुमति नहीं होगी। नए प्रस्ताव के अनुसार, कर्मचारियों की भर्ती करते समय नियोक्ताओं को सभी उम्मीदवारों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने होंगे और इसके लिए नौकरी का विज्ञापन देने में सभी के लिए एक जैसे माध्यमों और तरीकों का इस्तेमाल करना होगा। इस प्रस्ताव में पारंपरिक प्रिंट मीडिया में विज्ञापन देने की जगह ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया को बढ़ावा देने की बात कही गई है।
इसके तहत कंपनियों की वेबसाइट, जॉब पोर्टल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, रोजगार मेले और कॉलेजों में कैंपस भर्ती के जरिए नौकरियों का विज्ञापन देना शामिल होगा। इसके अलावा, नौकरी के विज्ञापन की न्यूनतम अवधि मौजूदा 30 दिन से बढ़ाकर 90 कैलेंडर दिन करने का प्रस्ताव है। नियोक्ताओं को यह भी साबित करना होगा कि उन्होंने योग्य अमेरिकी कर्मचारियों की भर्ती के लिए वास्तव में गंभीर प्रयास किए हैं।
अमेरिका के श्रम मंत्री कीथ सॉन्डरलिंग ने कहा, “नियमों में इन प्रस्तावित बदलावों से यह सुनिश्चित होगा कि उच्च कौशल और अधिक वेतन वाली नौकरियों के लिए विदेशी कर्मचारियों के बजाय अमेरिकी कर्मचारियों को प्राथमिकता मिले।”