Iran से वार्ता के लिए Pakistan जा सकते हैं JD Vance, Munir-Trump की वार्ता के बाद Islamabad बना गतिविधियों का केंद्र!

By नीरज कुमार दुबे | Mar 25, 2026

पश्चिम एशिया और मध्य पूर्व में धधकती जंग अब एक ऐसे मोड़ पर पहुंच चुकी है जहां हर चाल, हर बयान और हर कूटनीतिक कदम वैश्विक संतुलन को हिला सकता है। इसी बीच पाकिस्तान अचानक इस खेल का अहम मोहरा बनकर उभरा है। इस पूरे घटनाक्रम ने न केवल अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है बल्कि भारत सहित पूरे क्षेत्र के लिए गंभीर रणनीतिक संकेत भी दे दिए हैं।

इसे भी पढ़ें: एक तरफ ट्रंप कर रहे सीजफायर की बातें, दूसरी तरफ अमेरिका मिडिल ईस्ट भेज रहा हजारों सैनिक, क्या है प्लान?

अब इस विस्फोटक माहौल में पाकिस्तान खुद को शांति वार्ता के मंच के रूप में पेश कर रहा है। खबरें हैं कि अमेरिका की ओर से संभावित वार्ता का नेतृत्व उपराष्ट्रपति जेडी वेंस कर सकते हैं और इस्लामाबाद को मेजबान शहर बनाया जा सकता है। अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ के भी वहां पहुंचने की तैयारी की चर्चा है। हालांकि अभी तक न तो ईरान ने आधिकारिक रूप से सहमति दी है और न ही व्हाइट हाउस ने किसी ठोस वार्ता की पुष्टि की है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने खुलकर ऐलान किया है कि उनका देश इस वार्ता की मेजबानी के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए यह जरूरी है। लेकिन असली सवाल यह है कि पाकिस्तान अचानक इस कूटनीतिक केंद्र में कैसे आ गया?

दरअसल पाकिस्तान की भौगोलिक और सामरिक स्थिति इसे एक अनोखा मध्यस्थ बनाती है। उसके पास अमेरिकी सैन्य ठिकाने नहीं हैं, इसलिए वह सीधे ईरान के हमलों के दायरे में नहीं आता। दूसरी ओर, उसकी ईरान से सांस्कृतिक और धार्मिक निकटता है और खाड़ी देशों खासकर सऊदी अरब के साथ उसका रक्षा समझौता भी है। यही संतुलन उसे दोनों पक्षों के लिए उपयोगी बनाता है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर के बीच हुई बातचीत इस बात का संकेत है कि पर्दे के पीछे बहुत कुछ चल रहा है। वहीं ट्रंप द्वारा शाहबाज शरीफ के संदेश को सोशल मीडिया पर शेयर करना भी महज संयोग नहीं माना जा सकता। यह एक सोची समझी कूटनीतिक चाल हो सकती है जिससे सीधे बातचीत से बचते हुए तीसरे देश के जरिये दबाव बनाया जाए।

लेकिन तस्वीर इतनी सीधी नहीं है। ईरान ने साफ कह दिया है कि कोई औपचारिक बातचीत नहीं हुई और उसने ऐसी खबरों को झूठ बताया है। इसका मतलब है कि फिलहाल केवल बैक चैनल संदेशों का आदान प्रदान हो रहा है, जहां पाकिस्तान संदेशवाहक की भूमिका निभा रहा है।

रणनीतिक नजरिए से देखें तो यह पूरा घटनाक्रम बेहद खतरनाक और जटिल है। अगर पाकिस्तान इस वार्ता में सफल होता है तो उसकी अंतरराष्ट्रीय साख में जबरदस्त उछाल आएगा। वह खुद को एक जिम्मेदार वैश्विक खिलाड़ी के रूप में स्थापित कर सकता है। लेकिन अगर यह प्रयास विफल रहता है तो वही पाकिस्तान दो पाटों के बीच पिस सकता है।

भारत के लिए भी यह स्थिति नजरअंदाज करने वाली नहीं है। एक तरफ पाकिस्तान अपनी छवि सुधारने की कोशिश कर रहा है, दूसरी तरफ वह ऐसे मंच पर खड़ा हो रहा है जहां वैश्विक शक्तियां आमने सामने हैं। यह भविष्य में दक्षिण एशिया की शक्ति संतुलन को प्रभावित कर सकता है।

ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से भी यह संकट बेहद गंभीर है। होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव का मतलब है तेल की कीमतों में उछाल और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर सीधा असर। भारत जैसे आयात पर निर्भर देश के लिए यह खतरे की घंटी है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि अभी किसी भी पक्ष में समझौते की वास्तविक इच्छा नहीं दिखती। अमेरिका पीछे हटना नहीं चाहता और ईरान खुद को मजबूत स्थिति में मान रहा है। ऐसे में पाकिस्तान की भूमिका एक जोखिम भरा दांव है। बहरहाल, पाकिस्तान इस खेल में उतर चुका है, लेकिन यह देखना बाकी है कि वह बाजी जीतता है या खुद मोहरा बनकर रह जाता है।

प्रमुख खबरें

Punjab Police से आर-पार के मूड में X, लारेंस बिश्नोई के वीडियो हटाने पर पहुंचा High Court

Kamal Haasan के फैसले पर छिड़ी बहस, DMK ने त्याग बताया, AIADMK बोली- यह अक्षमता है

धर्म, जाति और धर्मांतरण: सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक निर्णय

धर्म और जाति को लेकर आए सुप्रीम आदेश के राजनीतिक-सामाजिक मायने