अमेरिका प्रौद्योगिकी निर्यात पर सुरक्षा संबंधी पाबंदियों के बारे में चीन की शिकायतें सुनेगा : येलेन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 09, 2023

बीजिंग। अमेरिका की वित्त मंत्री जेनेट येलेन ने संबंधों में तनाव खत्म करने के उद्देश्य से की चीन की यात्रा समाप्त करते हुए रविवार को कहा कि उनका देश अमेरिकी प्रौद्योगिकी निर्यात पर सुरक्षा संबंधी पाबंदियों के बारे में चीन की शिकायतों को सुनेगा। येलेन ने व्यापार पर ‘‘लक्षित उपायों’’ का बचाव किया। चीन की नेताओं की शिकायत है कि इन प्रतिबंधों का उद्देश्य नवोदित प्रौद्योगिकी उद्योगों को क्षति पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन का प्रशासन ‘‘अनावश्यक दुष्परिणामों से बचना’’ चाहता है लेकिन उन्होंने संभावित बदलावों का कोई संकेत नहीं दिया।

येलेन ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हम संवाद के माध्यम शुरू करेंगे ताकि वे हमारे कदमों को लेकर चिंताओं को व्यक्त कर सके और हम अपने कदमों के अनापेक्षित परिणामों पर प्रतिक्रिया दे सकें।’’ उन्होंने 10 घंटे चली बैठकों में चीन की सत्तारूढ़ पार्टी में दूसरे शीर्ष नेता प्रधानमंत्री ली क्विंग तथा अन्य अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने शनिवार को चीन के अपने समकक्ष एवं उप प्रधानमंत्री ली लिफेंग से बातचीत की। येलेन को सरकारी मीडिया में काफी कवरेज मिली लेकिन चीनी अधिकारियों ने ऐसा कोई संकेत नहीं दिया कि वे औद्योगिक या अन्य नीतियों में बदलाव करेंगे जिन्हें अमेरिका तथा अन्य देशों की सरकार बीजिंग की मुक्त व्यापार की प्रतिबद्धताओं का उल्लंघन बताती है।

अमेरिकी वित्त मंत्री ने रविवार को घोषणा की कि बड़े विवादों या भविष्य की योजनाओं पर कोई समझौता नहीं हुआ है लेकिन साथ ही उन्होंने कहा कि उनका विभाग और चीनी अधिकारी‘‘और अधिक नियमित रूप से’’ संवाद करेंगे। येलेन ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को आश्वस्त करने की कोशिश की कि वाशिंगटन अपनी अर्थव्यवस्था को चीन से अलग नहीं करना चाहता है लेकिन वह व्यापार में ‘‘जोखिम को कम’’ करने की कोशिश करता है।

इसे भी पढ़ें: Brazil में एक जीर्ण-शीर्ण इमारत इमारत ढहने से 14 लोगों की मौत

उन्होंने अपनी यात्रा के दौरान ‘‘स्वस्थ आर्थिक प्रतिस्पर्धा’’ की अपील की। वित्त मंत्री ने कहा कि उन्होंने अमेरिकी कंपनियों के खिलाफ ‘‘बलपूर्वक गतिविधियों’’ के बारे में चीनी अधिकारियों के समक्ष चिंताएं व्यक्त की है। येलेन ने शनिवार को चीन से जलवायु परिवर्तन एवं अन्य वैश्विक चुनौतियों से निपटने में सहयोग करने की अपील की थी। राष्ट्रपति बाइडन के जलवायु दूत जॉन कैरी अमेरिका के अगले वरिष्ठ अधिकारी होंगे जो आगामी सप्ताह में चीन की यात्रा करेंगे। चीन और अमेरिका जलवायु परिवर्तन के लिए जिम्मेदार कार्बन के दुनिया के शीर्ष उत्सर्जक हैं।

प्रमुख खबरें

केरलम में Cooperative Sector चलाएगा विमान सेवा, सरकार ने दी मंजूरी

Karwa Chauth पर पार्टनर संग करें चांद का दीदार, ये 4 Hill Stations हैं सबसे खास

सुलतानपुर MP MLA Court में मानहानि मामले पर फैसले से पहले पहुंचे Rahul Gandhi

Kylian Mbappe के दो गोल से Real Madrid ने Barcelona को 2-1 से हराया