ASEAN Summit के दौरान Quad नेताओं की बैठक कराने की तैयारी में US

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026

(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, 15 नवंबर अमेरिका, भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान के चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद (क्वाड) के नेताओं की बैठक अगले सप्ताह आसियान शिखर सम्मेलन के इतर होने की संभावना है। अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। फिलीपीन 11 सदस्यीय दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) का वर्तमान अध्यक्ष होने के नाते रविवार से इस शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।

अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री डायलन जॉनसन ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम अगले सप्ताह आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान क्वाड नेताओं का शिखर सम्मेलन आयोजित करने की औपचारिक व्यवस्था करने की दिशा में काम कर रहे हैं।’’ उन्होंने उन खबरों को खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में यह समूह कमजोर पड़ रहा है। जॉनसन ने कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो पिछले दो वर्षों में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की पांच बैठकें कर चुके हैं। इनमें से तीन बैठकें पिछले छह महीनों में हुई हैं।

उन्होंने बताया कि पदभार संभालने के बाद रुबियो ने सबसे पहले क्वाड देशों के मंत्रियों से आधिकारिक बातचीत की थी। इसके अलावा, चारों देशों के समूह के शेरपा (उच्चस्तरीय प्रतिनिधि) नियमित रूप से हर महीने बातचीत और बैठकें करते रहे हैं। अमेरिकी मीडिया संस्थान की एक खबर का खंडन करते हुए जॉनसन ने कहा, ‘‘यह पूरी तरह बेतुका आकलन है... फर्जी खबर।’’ समाचार वेबसाइट पॉलिटिको की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि राष्ट्रपति ट्रंप ने दो वर्षों तक व्यापार युद्ध, अन्य देशों से दूरी बनाए रखने वाली कूटनीति और चीन के प्रति नरम रुख अपनाने की नीति पर जोर दिया।

इससे चीन के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला करने के लिए बनाए गए चार देशों के एशिया-प्रशांत गठबंधन को नुकसान पहुंचा। क्वाड समूह का गठन 2007 में हुआ था, लेकिन चीन को उकसाने की आशंकाओं के बीच अगले ही वर्ष इसकी गतिविधियां लगभग ठप पड़ गई थीं। वर्ष 2017 में ट्रंप ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती आर्थिक, कूटनीतिक और सैन्य ताकत से जुड़ी चिंताओं का मुकाबला करने के लिए इस समूह को फिर से सक्रिय किया था।

हालांकि, उन्होंने अपने कार्यकाल में कभी भी क्वाड नेताओं का शिखर सम्मेलन आयोजित नहीं किया। जो बाइडन ने राष्ट्रपति रहते हुए क्वाड नेताओं की छह बैठकों में हिस्सा लिया था। इनमें से दो बैठकें डिजिटल माध्यम से हुई थीं।

उन्होंने 2024 में डेलवेयर में क्वाड की आखिरी बैठक की मेजबानी की थी।

प्रमुख खबरें

Delhi High Court से Vedanta को झटका, ONGC ने संभाला खंभात ब्लॉक का परिचालन

IOA Elections: पीटी उषा और Harjinder Singh का नामांकन स्वीकार, सभी आपत्तियां खारिज

भारतीय उत्पादों को US Market में तरजीही पहुंच पर बनी सहमति: Piyush Goyal

Mumbai CSMT पर बम की सूचना निकली अफवाह, सुरक्षा एजेंसियों की सघन जांच में कुछ नहीं मिला