उत्तर प्रदेश: जमीन का बैनामा नहीं करने पर भतीजों ने चाची की हत्या की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 30, 2025

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में जमीन का बैनामा नहीं करने के लिए रविवार रात दो लोगों ने अपनी ही विधवा चाची की हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि चरवा थाना क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर गांव में रहने वाली सावित्री देवी (63) की कोई संतान नहीं थी और उनके पति का भी देहांत हो चुका था।

उन्होंने बताया कि बीती रात (रविवार को) जमीन के विवाद में सावित्री के भतीजे राम प्रकाश उर्फ नन्हे और ओम प्रकाश उर्फ बबली ने धारदार हथियार से उनके चेहरे पर वार किया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

सिंह ने बताया कि संतान नहीं होने के कारण सावित्री ने अपने जेठ के दो बेटों राम प्रकाश और ओम प्रकाश के नाम अपनी कुछ जमीन का बैनामा किया था, जिसके बाद तीन बीघा जमीन शेष बची थी।

अधिकारी ने बताया कि इस जमीन को भी उसके भतीजे अपने नाम लिखवाना चाहते थे, जिसके लिए सावित्री देवी राजी नहीं थी। उन्होंने बताया कि इसी कारण दोनों आरोपियों ने धारदार हथियार से अपनी ही चाची की हत्या कर दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मृतका के संबंधियों से शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रमुख खबरें

RSS को भाजपा से जोड़कर समझना बड़ी गलती, Mohan Bhagwat ने ऐसा क्यों कहा?

थाईलैंड ट्रिप का बदल जाएगा बजट: 2026 में लैंड ऑफ स्माइल्स में घूमने के लिए बढ़ा लें अपनी सेविंग्स, जानें कतना होगा खर्च

असम में PM Modi ने किया फर्टिलाइजर प्लांट का शिलान्यास, कांग्रेस पर जमकर बरसे

चिल्लई कलां की शुरुआत के साथ ही Kashmir में हुई बर्फबारी, दो महीने का सूखा खत्म