By रेनू तिवारी | Oct 10, 2026
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर और बलिया जिलों से दो अलग-अलग और दुखद घटनाएं सामने आई हैं। सुलतानपुर जिले में एक अस्पताल में नर्स के रूप में काम करने वाली 22 वर्षीय युवती का शव उसके किराए के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। वहीं दूसरी घटना में बलिया जिले के एक गांव में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने शनिवार को दोनों मामलों की जानकारी देते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, सुलतानपुर जिले के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बरौंसा बाजार में किराये के मकान में रहने वाली नर्स का शव शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। कमरा अंदर से बंद था और युवती का शव कपड़े के सहारे रोशनदान से लटका हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा।
जयसिंहपुर कोतवाली के प्रभारी विवेक कुमार राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। एक अन्य घटना में, बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय लड़की ने कथित तौर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस के अनुसार, कठई गांव में शनिवार सुबह रीमा यादव (15) अपने घर के एक कमरे में साड़ी का फंदा लगाकर लटकी मिली। हल्दी थाने के प्रभारी राजू राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उन्होंने बताया कि घटना के समय लड़की की मां खाना बना रही थी। उसके पिता बाहर नौकरी करते हैं। लड़की की मां और बुजुर्ग दादा के साथ घर पर रहती थी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल लड़की के खुदकुशी करने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
Read Latest National News in Hindi only on Prabhasakshi