उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022: भाजपा और कांग्रेस ने शुरू किए रूठों को मनाने के प्रयास

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 27, 2022

देहरादून।उत्तराखंड में 14 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने से उठ रहे बागी सुरों के बीच अपना खेल बिगड़ने की आशंका से डरी कांग्रेस और भाजपा, दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियों ने अपने रूठे नेताओं को मनाना शुरू कर दिया है। कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की रामनगर सीट से उम्मीदवारी को नामांकन भरने से ऐन पहले बदलकर पार्टी ने बगावत थामने का प्रयास किया है। प्रदेश पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत रावत के बागी तेवरों को देखते हुए कांग्रेस ने रावत को अब लालकुआं से प्रत्याशी बनाया है।

हालांकि, हरीश रावत की सीट बदलकर रणजीत ​रावत को मनाने में सफल रही कांग्रेस ने उन्हें भी रामनगर से टिकट नहीं दिया और उन्हें उनकी पुरानी सीट सल्ट से ही चुनावी मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने असंतुष्ट नेताओं को मनाने के लिए दो अन्य सीटों पर भी उम्मीदवार बदल दिए जिसमें डोइवाला से मोहित उनियाल की जगह गौरव चौधरी और ज्वालापुर से बरखा रानी की जगह रवि बहादुर शामिल हैं। बगावत पर उतारू नेताओं को मनाने के लिए भाजपा ने भी अपने प्रयास तेज कर दिए है। अपनी जगह कैलाश शर्मा को प्रत्याशी बनाए जाने से आक्रोशित अल्मोडा के मौजूदा भाजपा विधायक और राज्य विधानसभा में उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान के बगावती सुर भी पार्टी नेताओं से बातचीत के बाद नरम पडे हैं।

इसे भी पढ़ें: गणतंत्र दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने पहनी ब्रह्मकमल से सुसज्जित उत्तराखंड की टोपी, मणिपुर का लेंग्यान

चौहान ने कहा कि पार्टी से इस्तीफा देने और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लडने की बात कहना उनका तात्कालिक गुबार था जो वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों से बात करने के बाद समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा, मैं पिछले 40 साल से भाजपा से जुडा हूं और चुनाव में उसी के लिए प्रचार करूंगा। उधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पौड़ी से लोकसभा सांसद तीरथ सिंह रावत थराली की विधायक मुन्नी देवी शाह की नाराजगी समाप्त करने में सफल रहे और उन्होंने उन्हें पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी भोपालराम टम्टा के लिए प्रचार करने को मना लिया। इस संबंध में मुन्नी देवी ने कहा, नेताओं ने मुझे समझाया कि भविष्य में पार्टी में मेरे लिए कई मौके सामने आएंगे। हालांकि, टिकट कटने से रूद्रपुर के भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल आक्रोशित हैं और उन्होंने बृहस्पतिवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

इसे भी पढ़ें: क्या हरीश रावत के साथ हैं कांग्रेस कार्यकर्ता ? रामनगर से चुनाव लड़ना कहीं पड़ ना जाए भारी

प्रदेश पार्टी अध्यक्ष मदन कौशिक को लिखे पत्र में ठुकराल ने लिखा कि टिकट न मिलने से दुखी होकर उन्होंने यह निर्णय किया है। झबरेडा से टिकट पाने में नाकामयाब रहे विधायक देशराज कर्णवाल भी नाराज बताए जा रहे हैं। इस संबंध में, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष डा देवेंद्र भसीन ने कहा कि पार्टी में टिकट को लेकर कोई खास नाराजगी नहीं है और सब पार्टी की बड़ी जीत के लिए प्रयास कर रहे हैं। हांलांकि, उन्होंने कहा कि अगर कोई छोटी—मोटी नाराजगी है तो पार्टी उसे दूर करने का प्रयास कर रही है और एकाध दिन में सब कुछ शांत हो जाएगा। उधर, देहरादून कैंट सहित कुछ सीटों पर भी टिकट के दावेदारों की कांग्रेस से नाराजगी की खबरें आ रही हैं। इस बाबत, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने कहा कि टिकट न मिलने पर दावेदारों में नाराजगी एक सीमा तक जायज है लेकिन पार्टी रूठे नेताओं को मनाने के प्रयास कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नामांकन पत्र वापस लेने की ​तिथि तक सब ठीक हो जाएगा और पार्टी के सभी समर्पित कार्यकर्ता अधिकृत प्रत्याशी के साथ खडे़ होंगे।

प्रमुख खबरें

Nuh में Brajmandal Yatra से पहले हाई अलर्ट, 3 अगस्त को बंद रहेंगे स्कूल

Commonwealth Games: भारतीय जूडो के लिए ऐतिहासिक दिन, Harsh Singh और Asmita Dey ने जीते दो Gold Medals

Hyderabad में PM Narendra Modi पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर Meta India प्रमुख के खिलाफ मामला दर्ज

London में चीन के विवादित Super Embassy निर्माण को मिली अदालत से मंजूरी