उत्तराखंड : नैनीताल में सड़क हादसे में उप्र के संभल के एसडीएम और पत्नी गंभीर रूप से घायल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 07, 2025

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में रामनगर के पास एक कार सड़क पर लगे डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी जिसके कारण उसमें सवार उत्तर प्रदेश के संभल जिले के उपजिलाधिकारी विकास चंद्रा और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल दंपति को तत्काल पीरूमदारा के एक अस्पताल में ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए पहले उन्हें उधमसिंह नगर जिले के काशीपुर के एक अस्पताल के लिए और फिर वहां से उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद के एक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

पीरूमदारा के अस्पताल के चिकित्सक डॉ सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि जब पति-पत्नी को लाया गया, दोनों की हालत बहुत नाजुक थी। इस हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग का पीरूमदारा वाला हिस्सा दुर्घटनाओं के प्रति बहुत संवेदनशील हो गया है और पिछले केवल एक माह में ही वहां करीब 10 हादसे हो चुके हैं।

उन्होंने डिवाइडर के दोषपूर्ण निर्माण, रिफलेक्टिव संकेतों की कमी और खासतौर पर रात के समय अपर्याप्त रोशनी को इस हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया। पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को डिवाइडर की स्थिति के बारे में बता दिया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जांच के बाद सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने तथा भविष्य में हादसों को रोकने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।

प्रमुख खबरें

AB-PMJAY: जानिए कैसे बनेगा आपका आयुष्मान कार्ड? वर्षपर्यंत कितने रुपये का मिलेगा मुफ्त इलाज?

₹20 करोड़ की लागत से बने सनगार्नर सोलर प्लांट का किया उद्घाटन

किसानों के त्याग से जेवर बना निवेश का नया वैश्विक केंद्र, ₹15,023 करोड़ की परियोजनाओं की रखी गई आधारशिला

Strait of Hormuz में फिर महा-तनाव! टैंकर पर Unknown Projectile से हमला, British एजेंसी का अलर्ट।