President, Prime Minister सहित विभिन्न नेताओं ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 30, 2023

नयी दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विभिन्न नेताओं ने सोमवार को राजघाट स्थित महात्मा गांधी के स्मारक पर ‘राष्ट्रपिता’ को उनकी 75वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति भवन ने चित्र के साथ अपने ट्वीट में कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शहीद दिवस पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और राजघाट पर सर्व धर्म प्रार्थना में शामिल हुईं। राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी आदि शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘ मैं बापू को उनकी पुण्यतिथि पर नमन करता हूं और उनके गहन विचारों को याद करता हूं। मैं उन सभी को भी श्रद्धांजलि देता हूं जो हमारे राष्ट्र की सेवा में शहीद हुए हैं। ’’

महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बिरला ने कहा, ‘‘ उनके दर्शन में सबकी भलाई निहित थी, जिससे वैश्विक स्तर पर मानवतावाद को नई दिशा मिली। उनके सिद्धांत सदा हमारा पथ प्रदर्शित करते रहेंगे।’’ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘पूज्य बापू की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें नमन करते हुए अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। विश्व शांति और भारत की प्रगति का जो मार्ग उन्होंने दिखाया वह आज भी बहुत प्रासंगिक है। उनकी प्रेरणा से ही आज एक नए और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण प्रगति पर है।’’

इसे भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी ने Mahatma Gandhi की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर महात्मा गांधी के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया जिन्हें पूरा देश स्नेहपूर्वक ‘बापू’ भी कहता है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 1948 में आज ही के दिन नाथूराम गोडसे ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उनकी पुण्यतिथि को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। राजघाट पर एक सर्व धर्म प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया गया जिसमें महात्मा गांधी के प्रिय भजन गाए गए और उन्हें सलामी भी दी गई। इसमें कई स्कूलों के छात्र और विभिन्न वर्ग के लोगों ने भी हिस्सा लिया।

प्रमुख खबरें

Explained | दुश्मन सावधान! भारत की संप्रभुता की रक्षा करेंगे स्वदेशी ड्रोन...ड्रोन शक्ति से सीमाओं को अभेद्य बनाने में जुटीं भारत की तीनों सेनाएँ

IPL 2027 से पहले Mumbai Indians के कोचिंग स्टाफ में बदलाव, उथप्पा बने बैटिंग कोच

Tea के साथ भूलकर भी न खाएं ये 5 Snacks, पाचन तंत्र पर पड़ेगा बुरा असर

G20 विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए Atlanta पहुंचे विदेश मंत्री S Jaishankar