Vasundhara Raje ने की जोरदार वापसी, PM Modi के साथ मंच साझा करने के बाद Rajasthan में अटकलों का दौर शुरू

By नीरज कुमार दुबे | Nov 22, 2023

भाजपा में हाशिये पर चल रहीं राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एकाएक राजनीति के केंद्र में आ गयी हैं। पिछले कुछ समय से देखा जा रहा था कि भाजपा आलाकमान वसुंधरा राजे के साथ मंच साझा नहीं कर रहा है खुद वसुंधरा भी भाजपा नेतृत्व से दूरी बनाए चल रही थीं लेकिन राजस्थान में विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान के अंतिम दौर से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे मंगलवार को एक मंच पर नजर आए। इसके बाद सियासी गलियारों में अटकलों का दौर शुरू हो गया कि वसुंधरा राजे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व के बीच 'सब ठीक-ठाक' है। राजनीतिक जानकार मान रहे हैं कि मतदान से ठीक पहले इस चुनावी सभा के जरिए भाजपा की ओर से मतदाताओं को 'संदेश' देने की कोशिश की गई है। हम आपको बता दें कि राज्य में विधानसभा चुनाव के तहत मतदान 25 नवंबर को होना है। प्रचार का शोर गुरुवार शाम थम जाएगा। मतदान से कुछ ही दिन पहले मोदी व वसुंधरा राजे के एक साथ एक मंच पर आने और इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर साझा किए जाने के इसलिए भी निहितार्थ निकाले जा रहे हैं क्योंकि भाजपा ने इस चुनाव में किसी को भी मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।

इसे भी पढ़ें: Rajasthan Election | प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान के सागवाड़ा में की चुनावी रैली, कहा- कांग्रेस के हर झूठे वादे पर भारी है मोदी की गारंटी

हम आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राजस्थान में अपने धुआंधार चुनावी दौरे की शुरुआत अंता (बारां) में चुनावी सभा से की थी। हाडोती इलाके में इस सभा के दौरान मंच पर राज्य के बड़े नेताओं में केवल वसुंधरा राजे थीं। इसके अलावा उनके बेटे व सांसद दुष्यंत सिंह और पार्टी के स्थानीय प्रत्याशी थे। राजनीति के जानकारों के अनुसार हाल ही के समय में इस तरह का पहला मौका था। और मंच पर मोदी का जब फूलों की बड़ी माला से स्वागत किया तो फ्रेम में दो बड़े चेहरे मोदी व वसुंधरा राजे के ही थे। मंच पर मोदी के एक ओर वसुंधरा राजे व दूसरी ओर दुष्यंत बैठे थे। कार्यक्रम के दौरान मोदी इन दोनों से संवाद करते भी नजर आए।

अपने संबोधन में वसुंधरा राजे ने कहा कि मोदी का लोहा पूरा देश मानता है और आज पूरा विश्व उनका नेतृत्व स्वीकारता है। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, "देश की जनता 2024 में हैट्रिक के लिए मोदी जी का बेसब्री से इंतजार कर रही है।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की योजनाओं के माध्यम से लोगों को संबल मिला है। यही नहीं उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर हमला भी बोला और कहा कि कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार की योजनाएं सिर्फ अखबारों में हैं। वहीं अपने संबोधन में मोदी ने सभा में उमड़ी भीड़ के बारे में दुष्यंत सिंह से हुई चर्चा का जिक्र किया और कहा कि यह जनसमूह दिखाता है कि 'हाडोती के मन में राजस्थान में परिवर्तन की भावना कितनी प्रचंड है'।

प्रमुख खबरें

Maharashtra FDA ने कहा- खुले खाद्य तेल पर रोक नया फैसला नहीं, 2011 से है नियम

Donald Trump का बड़ा दावा: Iran में Humanitarian Crisis, सेना को वेतन देने के भी पैसे नहीं

NBFC Revolving Credit पर रोक से MSME को नुकसान होगा, FISME ने RBI से की अपील

1984 Riots Justice: PM Modi ने दिलाया न्याय, HS Phoolka का वार- Congress ने Sajjan Kumar को सालों तक दिया संरक्षण