By अंकित सिंह | Feb 01, 2025
केंद्रीय बजट 2025 पर कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने अपनी निराशा व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह बेहद निराशाजनक बजट है, यह बिना विजन वाला बजट है। यह बजट कर्नाटक राज्य की मांगों को पूरा नहीं करता है। केंद्र सरकार ने इस बजट में कर्नाटक से हमारे द्वारा अनुरोधित किसी भी परियोजना की घोषणा नहीं की है। सिद्धारमैया ने ने कहा कि केंद्रीय बजट देश के नजरिए से तो ठीक हो सकता है, लेकिन कर्नाटक के नजरिए से यह बेहद निराशाजनक है। उन्होंने कर्नाटक को एक खाली बर्तन दे दिया है, कर्नाटक में सिंचाई परियोजनाओं के लिए कोई पैसा आवंटित नहीं किया गया है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बिहार और आंध्र प्रदेश को बजट में बड़ा हिस्सा मिला है। सिद्धरमैया ने रेखांकित किया, ‘‘केंद्र में गठबंधन सरकार है। राजनीतिक कारणों से बिहार और आंध्र प्रदेश को विशेष अनुदान दिया गया है। पिछले साल और इस साल भी उन्हें पैकेज दिया गया। एक तरह से यह बजट बिहार और आंध्र प्रदेश पर अधिक जोर देता है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें ऐसा लग रहा है कि जिस तरह कर्नाटक को ‘चोम्बू’ मिला, उसी तरह बिहार को भी ‘चोम्बू’ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने हालांकि, स्वीकार किया कि उन्होंने पूरा बजट नहीं पढ़ा है और वह सीतारमण का पूरा बजट भाषण नहीं सुन सके।