हंगरी और अल्जीरिया के पांच दिन के दौरे पर उपराष्ट्रपति

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 15, 2016

उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी हंगरी और अल्जीरिया के पांच दिन के दौरे पर आज रवाना हो गए जहां वह सीमा पार आतंकवाद और कई दूसरे द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। यह दौरा उरी आतंकी हमले और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में भारतीय सेना के लक्षित हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच हो रहा है। यह पूछे जाने पर कि क्या अंसारी दोनों देशों के नेताओं के सामने सीमा पार आतंकवाद का मुद्दा उठाएंगे, विदेश मंत्रालय की सचिव सुजाता मेहता ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘बिल्कुल। यह उनकी सभी द्विपक्षीय बातचीत का प्रमुख विषय होगा।’’

 

उन्होंने कहा, ‘‘हंगरी और अल्जीरिया दोनों में आतंकवाद एक बड़ा विषय होगा।’’ अंसारी 15 से 17 अक्तूबर के बीच हंगरी और 17 से 19 अक्तूबर के बीच अल्जीरिया में होंगे। सुजाता ने कहा कि यात्रा के दौरान उपराष्ट्रपति हंगरी एवं अल्जीरिया के राष्ट्रपतियों, हंगरी के प्रधानमंत्री और संसद के अध्यक्षों के साथ चर्चाएं करेंगे। उन्होंने बताया कि आतंकवाद अल्जीरिया के लिए नया नहीं है और वह हाल में एक खतरनाक आतंकी समूह से लड़ चुका है। सुजाता ने कहा कि दोनों देशों में अंसारी की बैठकों में आतंकवाद से लड़ने के मुद्दे पर बातचीत होगी।

 

इससे पहले दो दशक से अधिक समय पूर्व तत्कालीन शंकर दयाल शर्मा 1993 में हंगरी की यात्रा पर गए थे। वहीं अल्जीरिया के राष्ट्रपति अब्दुलअजीज बौतफ्लिका 2001 में भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि थे। जहां हंगरी में करीब 50 भारतीय कंपनियां काम कर रही हैं और उन्होंने दूसरे यूरोपीय देशों में अपने व्यापार के विस्तार के लिए उसे अपना आधार बनाया हुआ है। वहीं भारत और अल्जीरिया का द्विपक्षीय व्यापार सालाना 1.5 अरब डॉलर है।

 

प्रमुख खबरें

भांडुप में बस दुर्घटना: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजन को अनुग्रह राशि देने की घोषणा की

ठाकुर जी का बुलावा, पर भीड़ का खतरा! बांके बिहारी ने भक्तों से जताई 5 जनवरी तक दूरी बनाने की गुजारिश

त्रिपुरा के छात्र की हत्या देश में नफरत की स्थिति में चिंताजनक वृद्धि को दर्शाती है: अशोक गहलोत

बांग्लादेश: खालिदा जिया ने सैन्य तानाशाही के खिलाफ जन आंदोलन छेड़ा था, तानाशाह इरशाद का हुआ था पतन