चार राज्यों में भारी जनसमर्थन प्रधानमंत्री की योजनाओं एवं नीतियों पर उनकी मंजूरी की मुहर है : नड्डा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 10, 2022

नयी दिल्ली| विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देते हुए भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी के प्रति भारी जनसमर्थन प्रधानमंत्री की योजनाओं एवं नीतियों पर उनकी मंजूरी की मुहर को दर्शाता है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री मोदी को लगातार चौथी बार--2014 के लोकसभा चुनाव में, 2017 के विधानसभा चुनाव में, 2019 के लोकसभा चुनाव में और अब 2022 के विधानसभा चुनाव में लोगों का आशीर्वाद मिला है।’’

उन्होंने कहा कि पिछले 37 सालों में पहली बार हुआ है कि कोई पार्टी अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद सरकार बना रही है तथा यह कि भाजपा की वोट हिस्सेदारी भी बढ़ी है। नड्डा ने कहा कि उत्तराखंड जब से बना है तब से हर चुनाव में सरकारें बदली हैं लेकिन पहली बार राज्य ने किसी दल को सत्ता में बने रहने के लिए उसके पक्ष में वोट डाला है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में पार्टी स्पष्ट बहुमत से सरकार बनाने वाली है तथा गोवा में पार्टी तीसरी बार सरकार बनाएगी।

मोदी की तारीफ करते हुए नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘भाईभतीजावाद, भ्रष्टाचार, अपराध, जातिवाद, संप्रदायवाद और क्षेत्रवाद की राजनीति के स्थान पर ‘रिपोर्ट कार्ड, विकास, जन सशक्तिकरण की राजनीति’ का सूत्रपात किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि योगी ने राज्य में कानून का शासन कायम किया जबकि पांच साल पहले भय का शासन था तथा अपराधियों एवं आतंकवादियों को पिछले शासन में संरक्षण प्राप्त था।

प्रमुख खबरें

PSL में खेल रहे David Warner की बढ़ी मुश्किलें, Sydney में शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए पकड़े गए

चीन के Nostradamus की बड़ी भविष्यवाणी, Iran-US Tension बदल देगा पूरा Global Order

Jet Fuel संकट में बाकी Airlines पस्त, Delta को Refinery से हो रहा करोड़ों का Profit

Badminton Asia में बड़ी तकनीकी चूक, बिना Hawk-Eye के खेलने पर HS Prannoy ने उठाए गंभीर सवाल