हिमाचल प्रदेश में 2019 में भाजपा प्रत्याशियों की भारी जीत के अंतर ने संदेह पैदा किया: प्रतिभा सिंह

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 11, 2025

कांग्रेस नेता प्रतिभा सिंह ने रविवार को कहा कि 2019 के आम चुनाव में हिमाचल प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सभी चार उम्मीदवारों की जीत का अंतर अभूतपूर्व था और इससे संदेह उत्पन्न हुआ था।

उनकी यह टिप्पणी कर्नाटक विधानसभा चुनावों के दौरान बेंगलुरु में राहुल गांधी द्वारा कथित तौर पर दोहरे मतदान का खुलासा करने और उसके बाद निर्वाचन आयोग पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाने की पृष्ठभूमि में आई है।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रमुख प्रतिभा सिंह ने संवाददाताओं से कहा, हमने 2019 से पहले हिमाचल प्रदेश में इतनी जबरदस्त जीत कभी नहीं देखी थी और इतने बड़े अंतर से संदेह पैदा हो गया है कि कुछ गड़बड़ है।’’

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में विजेताओं और कांग्रेस के दावेदारों के बीच मतों का अंतर 3.27 लाख से 4.77 लाख के बीच था। हिमाचल प्रदेश में मंडी संसदीय सीट का तीन बार - 2004-09, 2013-14 और 2021-24 - प्रतिनिधित्व कर चुकीं प्रतिभा सिंह ने कहा, “मैंने मंडी सीट का प्रतिनिधित्व किया है और मुझे पता है कि वोट बैंक कितना बढ़ और घट सकता है और जब 2024 में कोई नया चेहरा, जिसका कोई राजनीतिक संबंध नहीं है, बड़े अंतर से जीतता है, तो सवाल उठते हैं।”

पिछले लोकसभा चुनाव में, भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत ने मंडी सीट पर प्रतिभा के बेटे और मौजूदा राज्य के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को 74,755 मतों से हराया।

प्रमुख खबरें

Dehradun में बुजुर्ग महिला के घर 12 लाख की चोरी, Bijnor के तीन भाई-बहन गिरफ्तार

100 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में Anbil Mahesh और पूर्व विधायक 30 घंटे की पुलिस हिरासत में

Deandra Dottin बिना गेंद खेले आउट फिर भी WBBL मैच जीती Melbourne Renegades

Bhupesh Baghel का आरोप, पेंड्रावन जलाशय क्षेत्र में खनन की दी अनुमति