केंद्रीय मंत्री अजय कुमार मिश्रा का वीडियो वायरल, राकेश टिकैत को ‘दो कौड़ी का’ कहते हुए नजर आए

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 23, 2022

लखनऊ। लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में अपने बेटे की कथित संलिप्तता को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा ‘टेनी’ का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता राकेश सिंह टिकैत को ‘‘दो कौड़ी का’’ बताते हुए नजर आ रहे हैं। तिकोनिया कांड में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा ‘टेनी’ की बर्खास्तगी समेत विभिन्न मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा की अगुवाई में किसानों ने गत बृहस्पतिवार को सुबह से राजापुर मंडी समिति परिसर में 75 घंटे लंबा धरना आयोजित किया था। इसमें राकेश टिकैत भी शामिल हुए थे। टिकैत ने धरना प्रदर्शन के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि किसानों को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि तिकोनिया कांड को लेकर ‘टेनी’ की बर्खास्तगी के साथ-साथ न्यूनतम समर्थन मूल्य सुनिश्चित करने के लिए कानून भी किसानों का एक बड़ा मुद्दा है। अपने समर्थकों को दिए गए भाषण के एक वीडियो में, मिश्रा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज कर दिया। केंद्रीय मंत्री ने समर्थकों से कहा, ‘‘आपने मुझे जो ताकत दी है, उससे मुझे आत्‍मविश्‍वास आया है और मैं यही कहूंगा कि आप मुझे इसी तरह की ताकत देते रहिए...आप सबकी ताकत के बल पर चाहे जितने राकेश टिकैत आएं....., मैं राकेश टिकैत को बहुत अच्‍छी तरह जानता हूं, दो कौड़ी का आदमी है।’’ 

इसे भी पढ़ें: हिरासत में लिए गए राकेश टिकैत, बोले- सरकार के इशारे पर काम कर रही पुलिस, अंतिम सांस तक जारी रहेगा संघर्ष

टिकैत पर अपने प्रहार को और तेज करते हुए ‘टेनी’ ने कहा, इसको हम लोगों ने देखा है, दो बार चुनाव लड़ा और दोनों बार जमानत जब्त हो गई। इस तरह का व्यक्ति किसी का विरोध करता है तो उसका कोई मतलब नहीं होता है, इसलिए इस तरह के लोगों को मैं जवाब नहीं देता।’’ वहीं मिश्रा की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए टिकैत ने कहा कि उनकी नाराजगी स्वाभाविक है क्योंकि उनका बेटा बीते एक साल से जेल के अंदर जो है। वीडियो में मिश्रा खीरी में भाजपा कार्यकर्ताओं से कहते सुनाई दे रहे हैं, इसी से उनकी (टिकैत की) राजनीति चलती है, इसी से उनकी रोजी रोटी चल रही है तो वो अपना चलाएं, समय आने पर जवाब दिया जाएगा। इतना जरूर कह सकता हूं मैंने अपने जीवन में कभी कोई गलत कार्य नहीं किया है। वीडियो में उनके समर्थन में नारेबाजी कर रहे समर्थकों को आश्वासन देते हुए केंद्रीय मंत्री कहते हैं, दुनिया में कोई आपको निराश नहीं कर पाएगा। राकेश टिकैत कितने भी आ जाएं। लगातार दूसरी बार भाजपा के टिकट पर खीरी से लोकसभा चुनाव जीतने वाले ‘टेनी’ ने कहा, “मान लीजिए, हम तेज रफ्तार गाड़ी से कहीं लखनऊ जा रहे हैं तो सड़क पर कई बार कुत्ते भौंका करते हैं। कई बार कुत्ते गाड़ी के पीछे दौड़ने लगते हैं, यह उनका स्वभाव होता है। उसके लिए मैं कुछ नहीं कहूंगा। जिसका जो स्वभाव होता है, वह उसके अनुरूप व्यवहार करता है। लेकिन, हमारे लोगों का ऐसा स्वभाव नहीं है।” 

प्रमुख खबरें

Delhi में CEC के खिलाफ प्रदर्शन से पहले SFI सदस्य और वकील हिरासत में

Tata Motors ने Iveco ग्रुप के अधिग्रहण की पेशकश बढ़ाकर 14.40 यूरो प्रति शेयर की

Director SS Rajamouli का 53वां जन्मदिन, TV Show और ऐड से शुरू कर RRR तक रचा इतिहास

Thane के आश्रम स्कूल में छात्र की मौत पर कार्रवाई, Principal समेत तीन निलंबित