By रेनू तिवारी | Jan 12, 2026
महाराष्ट्र के सतारा जिले से एक ऐसी दुखद खबर सामने आई है, जिसने पूरे देश की आंखों में आंसू ला दिए हैं। भारतीय सेना के एक जवान प्रमोद जाधव, जो अपनी आने वाली संतान के स्वागत के लिए छुट्टियों पर घर आए थे, एक सड़क हादसे में जान गंवा बैठे। नियति की विडंबना देखिए कि पिता के निधन के महज 8 घंटे बाद उनकी नन्ही परी ने दुनिया में कदम रखा।
सतारा तालुका के दरे (Dare) गांव के निवासी प्रमोद जाधव भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वे कुछ व्यक्तिगत कार्यों और अपनी पत्नी की डिलीवरी के लिए छुट्टी लेकर घर आए हुए थे। सोमवार को जब वे अपनी बाइक से किसी काम के लिए जा रहे थे, तभी एक भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। अस्पताल ले जाने के दौरान घावों के ताव न सहते हुए उन्होंने दम तोड़ दिया।
जवान प्रमोद जाधव का अंतिम संस्कार 'गार्ड ऑफ ऑनर' के साथ किया गया। सेना के जवानों और स्थानीय प्रशासन ने उन्हें पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पूरा दरे गांव "वीर जवान अमर रहे" के नारों से गूंज उठा।