By Prabhasakshi News Desk | Nov 16, 2024
वाशिंगटन । उद्यमी से नेता बने विवेक रामास्वामी ने अमेरिका में सरकारी नौकरियों में भारी कटौती का संकेत दिया है। रामास्वामी को टेस्ला के मालिक एलन मस्क के साथ सरकारी दक्षता मंत्रालय (डिपार्टमेंट ऑफ गवर्मेंट एफिशिएंसी) का प्रभारी नामित किया गया है। भारतीय-अमेरिकी रामास्वामी ने बृहस्पतिवार को फ्लोरिडा के ‘मार-ए-लागो’ में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘मैं और एलन मस्क ऐसी स्थिति में हैं कि हम लाखों गैर निर्वाचित संघीय नौकरशाहों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। हम इस तरह देश को बचाएंगे।’’
रामास्वामी ने कहा, ‘‘डीओजीई का काम एक ऐसी सरकार बनाना है जिसका आकार और दायरा ऐसा हो जिस पर हमारे संस्थापकों को गर्व हो। मैं और एलन मस्क नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा हमें दिए गए आदेश को पूरा करने के लिए तत्पर हैं।’’ उन्होंने तर्क दिया कि बहुत अधिक नौकरशाही का मतलब है-कम नवोन्मेष और अधिक लागत। उन्होंने कहा, ‘‘वे (नौकरशाह) इस बात से पूरी तरह अनभिज्ञ हैं कि कैसे उनके दैनिक निर्णय नए आविष्कारों को रोकते हैं और लागत बढ़ाते हैं जिससे विकास बाधित होता है।