Delhi Elections 2025: दिल्ली चुनाव के लिए वोटिंग खत्म, 8 फरवरी को आएंगे नतीजे

By अंकित सिंह | Feb 05, 2025

दिल्ली में 70 सीटों के लिए हुए मतदान संपन्न हो चुके हैं। हालांकि शाम 6:00 तक मतदान केंद्रों के भीतर जा चुके वोटर्स को मत डालने की अनुमति दी गई। दिल्ली चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को आएंगे। दिल्ली में आज सुबह 7:00 से मतदान शुरू हुए थे। दिल्ली में शाम पांच बजे तक 57.70 प्रतिशत मतदान हुए थे। आम आदमी पार्टी (आप) अपनी शासन व्यवस्था और कल्याणकारी योजनाओं के दम पर तीसरी बार लगातार जीत की उम्मीद कर रही है, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस वापसी की उम्मीद कर रही हैं।

इसे भी पढ़ें: 'AAP-दा से मुक्त होगी दिल्ली', मनजिंदर सिरसा बोले- भारत के इतिहास में अब्दाली और औरंगजेब के बाद...

चुनाव प्रचार के दौरान ‘‘शीश महल’’ विवाद, यमुना के पानी की गुणवत्ता, शासन, कानून-व्यवस्था, महिला कल्याण और मतदाता सूची से छेड़छाड़ के आरोप जैसे मुद्दों को जोरदार ढंग से उठाया गया। चुनाव पूर्व वादों में मुफ्त में सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने का मुद्दा भी हावी रहा। ‘आप’ ने छात्रों के लिए मुफ्त बस यात्रा, ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए बीमा और मंदिर के पुजारियों तथा गुरुद्वारों के ग्रंथियों को 18,000 रुपये की वित्तीय सहायता देने का वादा किया है। दूसरी ओर, भाजपा ने गर्भवती महिलाओं के लिए 21,000 रुपये की वित्तीय सहायता और 500 रुपये में सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर देने का वादा किया है, जबकि कांग्रेस ने 8,500 रुपये का मासिक बेरोजगारी भत्ता देने की प्रतिबद्धता जताई है। आठ फरवरी को आने वाले चुनाव परिणामों से साफ होगा कि क्या ‘आप’ अपनी सरकार बरकरार रख पाती है, भाजपा अपनी हार का सिलसिला तोड़ पाती है या कांग्रेस कोई चौंकाने वाला नतीजा दे पाती है।

प्रमुख खबरें

NIA कोर्ट ने PFI के 4 सदस्यों को शशिकुमार मर्डर केस में सुनाई उम्रकैद

AIIMS Nagpur: सुरक्षा के आश्वासन के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल खत्म

Odisha School Textbooks में मिलीं 1741 गलतियां, सरकार ने पूर्व निदेशक सहित चार को किया निलंबित

S Jaishankar ने नाविकों पर हमलों को बताया अस्वीकार्य, Liberia के साथ मिलकर बनाया मित्र समूह