हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान, कई विधायकों ने वोट डाला

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 10, 2022

चंडीगढ़। हरियाणा से राज्यसभा की दो सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान के शुरुआती घंटों में कई विधायकों ने वोट डाला। खरीद-फरोख्त के डर से छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक रिसॉर्ट में ठहराए गए कांग्रेस विधायक मतदान के लिए चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। कांग्रेस विधायक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर हैं और वे मतदान के लिए एक साथ जाएंगे। पिछले दो दिनों से चंडीगढ़ के बाहरी इलाके में एक लग्जरी होटल में ठहराए गए भाजपा-जजपा विधायक और कुछ निर्दलीय मतदान के लिए एक बस में यहां विधानसभा परिसर में पहुंच गए हैं।

इसे भी पढ़ें: Britney Spears ने अपने बॉयफ्रेंड Sam Asghari से की शादी, बिन बुलाए पहले पति ने विवाह स्थल में घुसने की कोशिश की

भाजपा ने पूर्व मंत्री कृष्ण लाल पंवार को खड़ा किया है जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। मीडिया कारोबारी कार्तिकेय शर्मा निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में हैं। कांग्रेस के विधायक सुबह करीब 11 बजे दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंचे। दिल्ली से कांग्रेस विधायकों के साथ आ रहे कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने दावा किया कि माकन आसानी से जीत जाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे उम्मीदवार को हमारे विधायकों की कुल संख्या से अधिक वोट मिलेंगे।’’ हरियाणा में 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के 31 विधायक हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और विधायक रघुवीर सिंह कादियान ने कहा कि कांग्रेस के पास अपने उम्मीदवार की जीत के लिए आवश्यक संख्या है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे उम्मीदवार को कांग्रेस के 31 वोट मिलेंगे। इसके अलावा उन्हें दो-तीन वोट और भी मिलेंगे।’’ भाजपा, जजपा नेता और कुछ निर्दलीयों ने दावा किया कि भाजपा उम्मीदवार पंवार और निर्दलीय कार्तिकेय शर्मा जीत जाएंगे। जे पी दलाल और अनिल विज समेत हरियाणा के मंत्रियों ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी और निर्दलीय विधायक जीत जाएंगे जबकि जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय चौटाला ने कहा कि पंवार और कार्तिकेय जीतेंगे। इससे पहले सुबह कांग्रेस नेता किरण चौधरी ने यहां हुड्डा से उनके आवास पर मुलाकात की। चौधरी रायपुर के रिसॉर्ट में नहीं गयी थीं। चौधरी ने भी दावा किया कि उनकी पार्टी के प्रत्याशी आसानी से जीत जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि दो सीटों के लिए मतदान सुबह नौ बजे शुरू हुआ और शाम चार बजे तक चलेगा तथा इसके तुरंत बाद मतगणना होगी। हरियाणा में 90 सदस्यीय विधानसभा में 40 विधायकों के साथ भारतीय जनता पार्टी के पास जीत के लिए आवश्यक 31 प्रथम वरीयता मतों से नौ अधिक मत हैं जबकि मीडिया कारोबारी कार्तिकेय शर्मा के निर्दलीय के तौर पर खड़े होने से दूसरी सीट के लिए मुकाबला दिलचस्प हो गया है। उन्हें भाजपा-जजपा गठबंधन, निर्दलीय और हरियाणा लोकहित पार्टी के इकलौते विधायक गोपाल कांडा का समर्थन हासिल है। कांग्रेस के राज्य विधानसभा में 31 सदस्य हैं, जो एक सीट के लिए उसके उम्मीदवार को जिताने के लिए आवश्यक है लेकिन ‘क्रॉस-वोटिंग’ होने पर उसकी संभावनाएं कम हो सकती हैं। बृहस्पतिवार को इंडियन नेशनल लोक दल के इकलौते विधायक अभय सिंह चौटाला ने कार्तिकेय शर्मा को समर्थन देने की घोषणा की थी।

प्रमुख खबरें

West Asia संकट के बावजूद Akasa Air की ऊंची उड़ान, 30% कैपेसिटी बढ़ाने का Mega Plan

Infosys की AI से अरबों की कमाई, Nandan Nilekani का बड़ा दावा- Technology नौकरियां नहीं छीनेगी

Vedanta में बड़ी Block Deal से हड़कंप, Share Price 8% लुढ़का, निवेशकों में मची खलबली।

Hockey Thriller: India ने Pakistan को 4-3 से हराया, London में अंतिम पलों तक चला रोमांच।