तमिलनाडु में मतदान में तेजी आयी, दोपहर एक बजे तक 40.05 प्रतिशत मतदान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 19, 2024

चेन्नई। तमिलनाडु में आम चुनाव के लिए सभी 39 लोकसभा सीटों पर सुबह मतदान की धीमी शुरुआत होने के बाद धीरे-धीरे मतदान में तेजी आ रही है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, दोपहर एक बजे तक राज्य में 40.05 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग ने बताया कि धर्मापुरी में 44.08 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि मध्य चेन्नई में सबसे कम 32.31 प्रतिशत मतदान हुआ। राजय में सुबह 11 बजे तक 24.37 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) सत्यब्रत साहू ने शुक्रवार को बताया कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है। कुछ स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में मामूली गड़बड़ियां सामने आयीं। 

सुबह नौ बजे करीब 12.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया और चेन्नई मध्य निर्वाचन क्षेत्र में महज 8.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। साहू ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘पोरुर, धर्मापुरी और तिरुचिरापल्ली में ईवीएम में संभवत: तार ढीली होने या केबल में खामी के कारण गड़बड़ी के बाद चार या पांच मतदान बूथों में करीब पांच से 20 मिनट की देरी हुई।’’ उन्होंने बताया कि ज्यादा विलंब किए बगैर मशीनों को ठीक कर दिया गया और मतदान बहाल किया गया। यहां विसारपाडी में एमकेबी नगर में एक स्कूल में एक ईवीएम में कथित खामी को लेकर अन्नाद्रमुक सदस्यों के एक समूह ने अचानक सड़क रोको प्रदर्शन शुरू कर दिया। 

सलेम और कल्लाकुरिचि में एक-एक मतदान केंद्र में एक मतदाता की मौत के बारे में पूछने पर साहू ने कहा कि उन्होंने इस घटना पर जिला चुनाव अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। सीईओ ने कहा, ‘‘मतदाताओं को अत्यधिक गर्मी से बचाने के लिए सभी मतदान केंद्रों में धूप से बचने और पेयजल की व्यवस्था के लिए उचित कदम उठाए गए हैं।’’ इस बीच, इन्नोर क्रीक में अमोनिया गैस लीक होने की घटना को लेकर चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा करने वाले इन्नोर के करीब एक हजार मतदाताओं ने अपना फैसला वापस लिया और वोट देने का फैसला किया। 

इसे भी पढ़ें: Uttarakhand : मुख्यमंत्री धामी के विधानसभा क्षेत्र चंपावत के दो गांवों के लोग मतदान के बहिष्कार पर अडिग

राज्य में इरोड में महिला मतदाताओं के लिए पूरी तरह से महिला कर्मियों द्वारा संचालित मतदान केंद्र बनाया गया। इसे गुलाबी रंग से सजाया गया। साहू ने बताया कि राज्य में कोई अप्रिय घटना दर्ज नहीं की गयी और मतदान शांतिपूर्ण हो रहा है। लोगों के एक वर्ग द्वारा चुनाव का बहिष्कार करने के बारे में पूछने पर साहू ने कहा कि जिला अधिकारियों को 100 फीसदी मतदान सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। कन्याकुमारी जिले के विलावनकोड विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव भी कराया जा रहा है जहां दोपहर एक बजे तक 35.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

प्रमुख खबरें

ठाणे में नाबालिग से दरिंदगी के मामले में दोषी को POCSO Court ने सुनाई 20 साल की कैद

Post Diwali Detox: थकान मिटाकर शरीर को दोबारा एक्टिव करने के आसान तरीके

Under-19 Asia Cup में Arjun Rajput के शतक के बाद भी भारतीय टीम 208 रन पर सिमटी

मुहूर्त ट्रेडिंग: BSE Sensex 401 अंक उछला, संवत 2083 की मजबूत शुरुआत