'INDIA' Alliance के पक्ष में लहर, BJP 'दक्षिण में साफ' और 'उत्तर में हाफ' : Jairam Ramesh

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 21, 2024

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद शनिवार को दावा किया कि देश भर में ‘इंडिया’ गठबंधन के पक्ष में लहर चल रही है और अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दक्षिण भारत में साफ और उत्तर भारत में ‘हाफ’ (आधी) है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि पहले चरण के मतदान के बाद से भाजपा के नेता घबरा गए हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ट्वीट इसी का एक संकेत है। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीट पर शुक्रवार को लगभग 63 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 

पहले चरण का मतदान शुक्रवार को समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उन्हें जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है और यह स्पष्ट है कि पूरे भारत में लोग रिकॉर्ड संख्या में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को वोट दे रहे हैं। रमेश ने शनिवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भाजपा का ग्राफ: दक्षिण में साफ़, उत्तर में हाफ।’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘पहले चरण में 21 राज्यों की 102 सीटों पर वोटिंग हुई। जमीन की रिपोर्ट से साफ़ हो रहा है कि ‘इंडिया’ गठबंधन भाजपा से कहीं आगे है। हमने तमिलनाडु और महाराष्ट्र में स्वीप किया है। बिहार, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में हमारा प्रदर्शन शानदार रहा है।’’ 

रमेश ने कहा, ‘‘कई महत्वपूर्ण राज्यों में भाजपा का प्रदर्शन विशेष रूप से ख़राब रहा है। इन संकेतों के कारण कल से भाजपा के नेता घबराहट में हैं - प्रधानमंत्री का ट्वीट इसी घबराहट का एक संकेत है।’’ उनके मुताबिक, भाजपा के प्रत्याशियों ने खुले तौर पर स्वीकार किया है कि इस बार उन्हें कड़ी मेहनत करनी होगी, क्योंकि मोदी की कोई हवा नहीं है‌। कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘चुनाव अभियान के दौरान प्रधानमंत्री अपने भाषणों और साक्षात्कारों में बिल्कुल निष्प्रभावी नज़र आ रहे हैं। इंडिया गठबंधन पर उनके हमले थके हुए से लग रहे हैं और बेतुकेपन से भरे हैं। वह कुछ भी बोल रहे हैं। 

इसे भी पढ़ें: Chhattisgarh : ED ने शराब ‘घोटाला’ मामले में सेवानिवृत्त IAS अधिकारी टुटेजा को गिरफ्तार किया

प्रधानमंत्री चुनाव का एजेंडा तय करने में पूरी तरह से असफल रहे हैं। ‘‘400 पार’’ और संविधान बदलने को लेकर की गई बयानबाज़ी का ज़मीनी स्तर पर उलटा असर हुआ है।’’ रमेश ने कहा, ‘‘गारंटी को लागू करने के मामले में हमारी राज्य सरकारों के शानदार ट्रैक रिकॉर्ड हैं। इससे कांग्रेस की गारंटी देशभर में लोकप्रिय हो रही है और चर्चा का विषय बनी हुई हैं। देशभर में अंडर करंट मजबूत हो रहा है। अब एक लहर चल रही है।

प्रमुख खबरें

ठाणे में नाबालिग से दरिंदगी के मामले में दोषी को POCSO Court ने सुनाई 20 साल की कैद

Post Diwali Detox: थकान मिटाकर शरीर को दोबारा एक्टिव करने के आसान तरीके

Under-19 Asia Cup में Arjun Rajput के शतक के बाद भी भारतीय टीम 208 रन पर सिमटी

मुहूर्त ट्रेडिंग: BSE Sensex 401 अंक उछला, संवत 2083 की मजबूत शुरुआत