By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 30, 2026
पश्चिम बंगाल सरकार ने बृहस्पतिवार को निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर केंद्रीय पर्यवेक्षकों की सूची में बदलाव की मांग की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक, यह प्रस्ताव “प्रशासनिक और आधिकारिक आवश्यकताओं” के कारण भेजा गया है। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार ने नौ आईएएस अधिकारियों के स्थान पर वैकल्पिक नामों का प्रस्ताव भेजा है। निर्वाचन आयोग इस प्रस्ताव की जांच करेगा और अंतिम निर्णय लेगा।”
निर्वाचन आयोग ने हाल ही में पश्चिम बंगाल के 25 वरिष्ठ अधिकारियों की एक सूची प्रकाशित की थी, जिन्हें पांच राज्यों-पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षकों के रूप में तैनात किया जाना है। सूची में पश्चिम बंगाल के गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा सहित 15 आईएएस अधिकारी और 10 आईपीएस अधिकारी शामिल हैं।