By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 27, 2022
नयी दिल्ली, पश्चिम बंगाल सरकार निवेशकों को आकर्षित करने के लिए अपने प्रयासों को तेज करेगी। एक शीर्ष अधिकारी का कहना है कि राज्य में गहरे-समुद्र के बंदरगाह, कोयला खान तथा औद्योगिक गलियारा क्षेत्रों में उद्यमी निवेश कर सकते हैं। पश्चिम बंगाल औद्योगिक विकास निगम (डब्ल्यूबीआईडीसी) के चेयरमैन राजीव सिन्हा ने कहा कि बंगाल के प्रति निवेशकों की धारणा में बदलाव लाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी औद्योगिक विकास को प्राथमिकता दे रही हैं। सिन्हा ने कहा कि वह आगामी बंगाल वैश्विक व्यापार शिखर सम्मेलन के दौरान निवेश प्रतिबद्धताओं को लेकर काफी आशान्वित हैं। इस निवेशक शिखर सम्मेलन का आयोजन डब्ल्यूबीआईडीसी और उद्योग मंडल भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा संयुक्त रूप से कोलकाता में 21-22 अप्रैल को किया जा रहा है।