By अभिनय आकाश | Sep 22, 2026
पश्चिमी तुर्की में एक हाई स्कूल के पास एक हमलावर की गोलीबारी में कम से कम 11 लोग घायल हो गए। संदिग्ध हमलावर को गिरफ़्तार कर लिया गया है। न्याय मंत्री अकिन गुरलेक ने एक्स पर एक बयान में कहा कि घायलों में से कम से कम दो की हालत गंभीर है। उन्होंने कहा कि हमले की वजह अभी पता नहीं चल पाई है। प्रांतीय गवर्नर के कार्यालय के अनुसार, यह हमला मनीसा प्रांत के तुर्गुतलू ज़िले में एक वोकेशनल और टेक्निकल हाई स्कूल के सामने हुआ। पुलिस और मेडिकल टीमों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। हैबरटर्क न्यूज़ चैनल ने बताया कि हमलावर उसी स्कूल का छात्र था। चैनल के मुताबिक, वह अपनी दादी के घर से शॉटगन लेकर आया था और स्कूल के पास अंधाधुंध गोलीबारी करने के बाद पैदल ही भागने की कोशिश की। गुरलेक ने बताया कि गोलीबारी की घटना की जांच के लिए दो मुख्य अभियोजक नियुक्त किए गए हैं। इस जांच में उन दावों की भी पड़ताल की जाएगी कि स्कूल में छात्र को परेशान किया जाता था। उन्होंने आगे कहा कि जांच के सिलसिले में हमलावर के माता-पिता और दादा को हिरासत में ले लिया गया है; बंदूक उसके दादा की ही थी।