राहुल गांधी ने हिंदी के बारे में जो कहा उससे उनकी अंग्रेजी-भक्ति प्रदर्शित हो गयी

By डॉ. वेदप्रताप वैदिक | Dec 22, 2022

राजस्थान में राहुल गांधी ने अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई की जमकर वकालत कर दी। राहुल ने कहा कि भाजपा अंग्रेजी की पढ़ाई का इसलिए विरोध करती है क्योंकि वह देश के गरीबों, किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों के बच्चों का भला नहीं चाहती है। भाजपा के नेता अपने बच्चों को अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में क्यों पढ़ाते हैं? राहुल ने जो आरोप भाजपा के नेताओं पर लगाया, वह ज्यादातर सही ही है लेकिन राहुल जरा खुद बताएं कि वह खुद और उनकी बहन क्या हिंदी माध्यम की पाठशाला में पढ़े हैं? 

इसे भी पढ़ें: राजस्थान में कई गुटों में बंटी कांग्रेस को जोड़ गयी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा

मैंने पहली कक्षा से अपनी अंतरराष्ट्रीय पीएच.डी. तक की परीक्षाएं हिंदी माध्यम से दी हैं। स्वभाषा के माध्यम से पढ़ने का अर्थ यह नहीं है कि आप विदेशी भाषाओं का बहिष्कार कर दें। मैंने हिंदी के अलावा संस्कृत, जर्मन, रूसी और फारसी भाषाएं भी सीखीं। अंग्रेजी तो हम पर थोप ही दी जाती है। राहुल का यह तर्क सही है कि गरीब और ग्रामीण वर्ग के बच्चे अंग्रेजी स्कूलों में नहीं पढ़ते, इसलिए वे पिछड़ जाते हैं। वे भी अंग्रेजी पढ़ें और अमेरिका जाकर अमेरिकियों को भी मात करें। राहुल की यह बात मुझे बहुत पसंद आई लेकिन मैं पूछता हूं कि हमारे कितनी विद्यार्थी अमेरिका या विदेश जाते हैं? कुछ हजार छात्रों की वजह से करोड़ों छात्रों का दम क्यों घोटा जाए? जिन्हें विदेश जाना हो, वे साल-दो साल में उस देश की भाषा जरूर सीख लें लेकिन किसी विदेशी भाषा को 16 साल तक अपनी पढ़ाई का माध्यम बनाए रखना और उसे करोड़ों बच्चों पर थोप देना कौन-सी अक्लमंदी है? हिरण पर घास क्यों लादी जाए? 

यदि हमारे नेता लोग चाहते हैं कि गरीबों, ग्रामीणों, पिछड़ों, किसानों और मजदूरों के बच्चों को भी जीवन में समान अवसर मिलें तो देश में सभी बच्चों के लिए स्वभाषा-माध्यम की पढ़ाई अनिवार्य होनी चाहिए। अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई पर कठोर प्रतिबंध होना चाहिए। विदेशी संपर्कों के लिए हमें सिर्फ अंग्रेजी पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। विदेश-व्यापार, विदेश नीति और उच्च-शोध के लिए अंग्रेजी के साथ-साथ फ्रांसीसी, जर्मन, चीनी, रूसी, अरबी, हिस्पानी, जापानी आदि कई विदेशी भाषाओं की पढ़ाई भी भारत में सुलभ होनी चाहिए। दुनिया के किसी भी संपन्न और शक्तिशाली राष्ट्र में छात्र-छात्राओं की पढ़ाई का माध्यम विदेशी भाषा नहीं है।

-डॉ. वेदप्रताप वैदिक

प्रमुख खबरें

India Wholesale Inflation | भारत की थोक महंगाई में बड़ा उछाल! मार्च में दर बढ़कर 3.88% पहुंची, कच्चे तेल और गैस ने बिगाड़ा बजट

Double Vision: क्या है Diplopia बीमारी, जिसमें एक की दो तस्वीरें दिखती हैं? ये Life Style है बड़ी वजह

US Blockade पर Iran की America को सीधी चेतावनी, President Pezeshkian बोले- दबाव के आगे नहीं झुकेंगे

Shaurya Path: अंतरिक्ष में बदलने वाला है शक्ति संतुलन, रूसी सहयोग से ISRO तैयार करेगा Bharatiya Antariksh Station