By अंकित सिंह | Mar 28, 2022
उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव खत्म हो चुके हैं। नतीजे भी आ गए हैं और नई सरकार ने शपथ भी ले लिया है। उत्तर प्रदेश में भाजपा ने एक बार फिर से शानदार प्रदर्शन करते हुए सत्ता में वापसी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नई सरकार का गठन भी हो गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। स्वतंत्र देव सिंह के मंत्री बनने के साथ ही उत्तर प्रदेश में एक सवाल सबसे आम हो गया है। दरअसल, सवाल यह है कि आखिर उत्तर प्रदेश में भाजपा का अगला प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा? भाजपा हमेशा एक व्यक्ति एक पद की बात करती है। यही कारण है कि अब नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश भी शुरू हो गई है।
इससे पहले योगी सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे दिनेश शर्मा भी प्रदेश अध्यक्ष की रेस में आगे चल रहे हैं। जानकारी के मुताबिक दिनेश शर्मा को संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है। इसके अलावा उप मुख्यमंत्री रहने के नाते उन्होंने प्रदेश के दौरे भी किए हैं। साथ ही साथ सरकार और संगठन में अच्छा तालमेल भी बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। यही कारण है कि दिनेश शर्मा का नाम भी प्रदेश अध्यक्ष की रेस में आगे चल रहा है।