By अंकित सिंह | Sep 07, 2026
कांग्रेस ने सोमवार को संसद के मॉनसून सत्र को स्थगित (prorogue) करने में हुई देरी पर सवाल उठाए। पार्टी का आरोप है कि गृह मंत्री अभी भी परिसीमन बिल पास कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा कि संसद की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित हुए आज पूरे 25 दिन हो गए हैं। लेकिन इसे अभी तक औपचारिक रूप से स्थगित (prorogue) नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि आखिरकार मोदी सरकार को विपक्ष के साथ ज़्यादा सार्थक बातचीत करने और बिलों को काफी देर से पास करने के लिए मजबूर होना पड़ा। रमेश ने कहा कि 2026 के मॉनसून सत्र को वेंटिलेटर पर रखा गया है क्योंकि गृह मंत्री अभी भी लोकसभा में परिसीमन बिल पास कराने के लिए अपनी उस 'बेहद दागदार' दो-तिहाई बहुमत को जुटाने की कोशिश में लगे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्हें यह सच्चाई मानने में और कितना समय लगेगा कि धमकी और डराने-धमकाने की उनकी राजनीति की भी एक सीमा होती है?
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई थी। 17 अप्रैल को बजट सत्र के दौरान मोदी सरकार को एक झटका लगा, जब लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने से जुड़ा परिसीमन वाला संविधान संशोधन विधेयक निचले सदन में गिर गया। लोकसभा में वोट देने वाले 528 सांसदों में से 298 ने इसके समर्थन में और 230 ने इसके विरोध में वोट दिया। इस विधेयक को पारित करने के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी 352 वोटों की ज़रूरत थी।
देशभर की राजनीति, ताज़ा घटनाओं और बड़ी खबरों से जुड़े रहने के लिए पढ़ें National News in Hindi केवल प्रभासाक्षी पर।