पनीर रबर जैसा क्यों हो जाता है? बस ये गलतियां सुधार लें, हर बार बनेगा नरम पनीर

By मिताली जैन | Aug 27, 2026

पनीर की सब्जी खाना हम सभी को काफी अच्छा लगता है। लेकिन इसका सारा मजा तब किरकिरा हो जाता है, जब खाने में पनीर नरम और मलाईदार होने के बजाय रबर जैसा और चबाने में मुश्किल हो जाता है। ऐसे में समझ में ही नहीं आता है कि बार-बार ऐसा क्यों होता है। ग्रेवी तो एकदम स्वादिष्ट बन जाती है, मसाले भी सही बैठ जाते हैं, लेकिन जैसे ही पनीर मुंह में जाता है, लगता है जैसे कोई रबर का टुकड़ा चबा रहे हों!

इसे भी पढ़ें: Raksha Bandhan 2026: त्यौहार पर समय बचाने के लिए अपनाएं ये 7 Quick Snack Recipes, अब किचन में नहीं बीतेगा पूरा दिन

पनीर को बहुत देर तक उबालना

यह पनीर की सब्जी बनाते समय की जाने वाली सबसे बड़ी गलती है। अमूमन लोग सोचते हैं कि पनीर को ग्रेवी में डालने के बाद जितनी देर पकाएंगे, वह उतना ही स्वादिष्ट और नरम होगा। जबकि ऐसा नहीं है। पनीर को तेज आंच पर लंबे समय तक पकाने से उसकी नमी कम होने लगती है और उसकी बनावट सख्त हो सकती है। इसलिए, हमेशा ग्रेवी तैयार होने के बाद पनीर डालें और उसे धीमी आंच पर कुछ मिनट ही पकाएं। 

पनीर को बहुत ज्यादा तलना  

बहुत सी सब्जी में पनीर को तलकर इस्तेमाल किया जाता है। अगर आप पनीर को बहुत देर तक तलते हैं, तो इससे वह अंदर से सूख सकता है। फिर जब वही पनीर ग्रेवी में जाता है, तो वह मुलायम होने के बजाय और ज्यादा सख्त महसूस होता है। इसलिए, अगर आपको तला हुआ पनीर पसंद है, तो उसे सिर्फ हल्का सुनहरा होने तक सेंकें। गहरा भूरा होने तक तलने की जरूरत नहीं है।

फ्रिज से निकालकर सीधे इस्तेमाल करना

यह पनीर की सब्जी बनाते समय की जाने वाली एक आम गलती है। कई बार लोग फ्रिज से एकदम ठंडा पनीर निकालकर उसे सीधे गर्म या उबलती हुई ग्रेवी में डाल देती हैं। ऐसे में अचानक तापमान बदलने से उसकी बनावट थोड़ी सख्त महसूस हो सकती है। याद रखें कि पनीर को इस्तेमाल करने से पहले कुछ देर सामान्य तापमान पर आने दें।

ग्रेवी में डालने के बाद तेज आंच पर पकाना  

यह गलती बहुत आम है और हमें इसका अंदाजा तक नहीं होता है। अगर ग्रेवी में पनीर डालते ही गैस तेज कर दी और फिर सब्जी को लगातार उबालते रहे, तो ऐसा करने से पनीर सख्त हो सकता है। पनीर डालने के बाद धीमी से मध्यम आंच रखें और कुछ मिनट तक पकाएं।

- मिताली जैन

प्रमुख खबरें

Punjabi Bagh में 60 लाख की चोरी का आरोपी पकड़ा गया, नेपाल भागने की फिराक में था

बिहार की बेटियों को Job Creator बनाने का सपना: CM Samrat Choudhary बोले - सिर्फ नौकरी मांगने वाली नहीं, देने वाली बनो

भगवंत, चन्नी, राघव चड्ढा या बादल? पंजाब में CM की पहली पसंद पर सर्वे में बड़ा दावा

Operation Sindoor के दौरान Iran ने की थी Pakistan की मदद, Ishaq Dar के दावे पर India ने किया तीखा पलटवार