By अभिनय आकाश | Feb 29, 2024
भारत में प्रवेश से वंचित किए जाने के भारतीय मूल की ब्रिटिश नागरिक निताशा कौल के दावों के बारे में बोलते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि देश में विदेशी नागरिकों का प्रवेश एक संप्रभु निर्णय है। उनके दावों के बारे में पूछे जाने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि यूके नागरिक 22 फरवरी को भारत आई थी। जैसा कि आप जानते हैं, हमारे देश में विदेशी नागरिकों का प्रवेश एक संप्रभु निर्णय है। कुछ दिन पहले, यूके में भारतीय मूल की प्रोफेसर निताशा कौल ने एक्स पर पोस्ट की सीरिज में कहा था कि बेंगलुरु हवाई अड्डे पर उतरने के बाद उन्हें भारत में प्रवेश से वंचित कर दिया गया और कुछ घंटों बाद देश से बाहर निकाल दिया गया।
भाजपा ने कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर कटाक्ष करते हुए पूछा कि क्या लेखक को आमंत्रित करके, वह संविधान को चुनौती देने और भारत की एकता और अखंडता को खतरे में डालने की कोशिश कर रहे हैं। कर्नाटक बीजेपी ने ट्वीट करते हुए कहा कि सूखा राहत या कर्नाटक की विकास संबंधी जरूरतों पर खर्च करने के लिए कोई पैसा नहीं है, लेकिन सिद्धारमैया राहुल गांधी को खुश करने और अपने सीएम की कुर्सी बचाने के प्रयास में भारत तोड़ो ब्रिगेड को वित्त देने में खुश हैं, यह सब डॉ. अंबेडकर के संविधान के नाम पर कितना अपमानजनक है। हालाँकि, कांग्रेस ने कहा कि उन्हें कथित तौर पर देश में प्रवेश से वंचित किया जाना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ-साथ संघीय सिद्धांतों पर हमला है, जबकि भाजपा ने उन्हें 'भारत विरोधी' करार दिया और कहा कि उनका स्वागत नहीं है।