By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 17, 2022
गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने रविवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ), भारत और चीन के साथ ऋण पुनर्गठन को लेकर बातचीत शुरू हो गई है। विक्रमसिंघे ने भरोसा जताया कि यदि वार्ता आगे बढ़ती है तो श्रीलंका व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ेगा और अपने सबसे बुरे आर्थिक संकट से उबरने में सफल रहेगा। विक्रमसिंघे ने सियाम्बलैंडुवा जिले में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ऋण पुनर्गठन पर निजी लेनदारों के साथ भी बातचीत शुरू हो गई है।
राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने चीन के वित्त मंत्री से बात की है, जबकि श्रीलंका के वित्त मंत्री शेहन सेमासिंघे ने शनिवार को वाशिंगटन में ऋण पुनर्गठन पर भारत के साथ बातचीत शुरू की। उन्होंने कहा कि विश्व बैंक, एशियाई विकास बैंक, अमेरिका और यूरोपीय संघ से मिले धन का इस्तेमाल दवा और उर्वरक आयात के लिए किया जा रहा है।