By अभिनय आकाश | Oct 17, 2024
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने पिछले साल पंजाब के बठिंडा की जेल से एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा था कि सलमान खान को हमारे (बिश्नोई) मंदिर में जाना चाहिए और समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए माफी मांगनी होगी। इस बयान के करीब डेढ़ साल बाद एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या ने पूरे महाराष्ट्र को हिला कर रख दिया। इस हत्या की जिम्मेदारी बिश्नोई गिरोह ने ली है और अभिनेता के साथ उनके संबंधों का हवाला देते हुए कहा कि जो भी सलमान और दाऊद की मदद करेगा उसका अंजाम ऐसा ही होगा। इन घटनाक्रमों के बीच एक भाजपा नेता ने सलमान खान से 1998 के काले हिरण के शिकार में उनकी कथित संलिप्तता के लिए समुदाय से माफी मांगने का आग्रह किया है।
अखिल भारतीय बिश्नोई समाज के सचिव हनुमान राम बिश्नोई का कहना है कि समुदाय की मान्यताओं के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति अपराध करता है, तो उसे पश्चाताप महसूस करना चाहिए, जिसके बाद उसे प्रायश्चित करना चाहिए। क्षमा मांगने के लिए, किसी को राजस्थान के बीकानेर में मुक्ति धाम मुकाम की यात्रा करनी चाहिए, जो गुरु जम्भेश्वर का अंतिम विश्राम स्थल और समुदाय के लिए सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है। हनुमान राम ने एक निजी मीडिया समूह से बात करते हुए कहा कि सलमान खान ने दो खूबसूरत जिंदगियां कुदरत से ले ली। जब कोई अपराध करता है तो पश्चाताप की भावना होनी चाहिए। मुक्ति धाम मुकाम में क्षमा मांगने वाले व्यक्ति को समुदाय से माफी मांगनी होगी। वो कह सकते हैं कि बिश्नोई समाज, मैंने अपराध किया है। कृपया मुझे माफ कर दीजिए। एक बार निर्धारित तरीके से माफी मांगी जाने के बाद, इसे स्वीकार करने या अस्वीकार करने का निर्णय पूरी तरह से समुदाय पर निर्भर करता है। हनुमान राम के मुताबिक, जब तक सलमान खान माफी नहीं मांगते, तब तक वह 'सजा के हकदार' हैं।