किरीट सोमैया पर हमले का मुद्दा केंद्र के समक्ष उठाएंगे देवेंद्र फडणवीस

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 24, 2022

मुंबई। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि पार्टी के पूर्व सांसद किरीट सोमैया की रक्षा करने में मुंबई पुलिस की ‘‘नाकामी’’ के खिलाफ वह केंद्रीय गृह सचिव से शिकायत करेंगे। सोमैया को ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। शिवसेना के समर्थकों ने शनिवार रात सोमैया की ‘एसयूवी’ (कार) पर उस समय जूते और पानी की बोतलें फेंकी थी, जब वह मुंबई में खार पुलिस थाने से निकल रहे थे। सोमैया, गिरफ्तार किये गये निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा से मिलने शनिवार को पुलिस थाना गए थे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एवं शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के आवास ‘मातोश्री’ के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करने के उनके (दंपत्ति के) आह्वान ने शिवसेना समर्थकों को आक्रोशित कर दिया था। 

उन्होंने कहा, ‘‘यह पुलिस की तरफ से घोर कदाचार है क्योंकि सोमैया ने खार पुलिस थाने में पुलिस को बताया था कि उन पर हमला हो सकता है। हैरानी की बात है कि पुलिस ने इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं स्पष्ट कर दूं कि हम ऐसे हमलों से डरते नहीं हैं। हम ‘जैसे को तैसा’ जवाब देने में सक्षम हैं।’’ फडणवीस ने यह भी कहा कि जिस तरीके से विधायक रवि राणा और उनकी सांसद पत्नी नवनीत राणा से बर्ताव किया गया, वह उससे हैरान हैं। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘उन्हें (नवनीत राणा को) गिरफ्तारी के बाद जेल में रखा गया...ऐसा लगता है कि महाराष्ट्र सरकार एक औरत से डर गयी है।’’ 

इसे भी पढ़ें: किरीट सोमैया को बंबई हाई कोर्ट से मिली राहत, शिवसेना ने लिखा- फंसानेवालों को राहत, माय लॉर्ड, ये क्या? 

केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने भी शिवसेना नीत महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति सही नहीं है। औरंगाबाद में पत्रकारों से बातचीत में भाजपा नेता ने कहा, ‘‘पहले लोग कानून व्यवस्था बनाए रखने पर महाराष्ट्र पुलिस का उदाहरण देते थे लेकिन आज यहां कोई कानून व्यवस्था नहीं है। पुलिस को आगे रखकर राजनीति की जा रही है। राज्य के निवासी इसका जवाब देंगे।

प्रमुख खबरें

भाजपा हमारी सरकार गिराने और नेकां विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है: उमर अब्दुल्ला

वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत के विकास की रफ्तार अभूतपूर्व, दुनिया को दे रहा नया मॉडल: पीएम मोदी

विपक्ष पर बरसे सीएम योगी, पूछा- सवाल उठाने वाले बताएं उन्होंने अपने शासन में क्या किया

जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा देने के मुद्दे पर बोले उमर अब्दुल्ला, मेरे सब्र को कमजोरी न समझे केंद्र