Prabhasakshi NewsRoom: क्या Pakistan से निबटने की जिम्मेदारी इस बार Indian Navy को मिलेगी? स्थितियां तो ऐसा ही संकेत दे रही हैं?

By नीरज कुमार दुबे | Apr 28, 2025

पहलगाम आतंकी हमले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश और दुनिया को आश्वस्त कर चुके हैं कि आतंकवादियों और इस हमले के साजिशकर्ताओं को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा दी जायेगी। इसके बाद से इस बात को लेकर अटकलें चल रही हैं कि इस बार पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य अभियान सेना करेगी या वायुसेना अथवा नौसेना? हम आपको याद दिला दें कि उरी हमले के बाद भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक की थी। पुलवामा हमले के बाद भारतीय वायुसेना ने बालाकोट में एअर स्ट्राइक की थी। इसलिए अटकलें लग रही हैं कि क्या इस बार भारतीय नौसेना पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन करेगी?

इसे भी पढ़ें: Anytime Anywhere Anyhow... अरब सागर में Indian Navy का शक्ति प्रदर्शन, एंटी-शिप मिसाइल फायरिंग का सफल परीक्षण

दरअसल मोदी सरकार ने तीनों सेनाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उन्हें आधुनिक सैन्य साजो सामान से लैस करने और नई-नई वैश्विक चुनौतियों से सबक लेते हुए रणनीतियां तैयार रखने की दिशा में काफी प्रयास किये हैं। नौसेना की शक्ति में इजाफे का मकसद सिर्फ समुद्री डकैतों से लड़ना नहीं बल्कि चीन द्वारा खड़ी की जा रही चुनौतियों का मुकाबला करना भी है। हम आपको बता दें कि भारत इस समय हिंद महासागर क्षेत्र में सबसे बड़ी ‘रेजीडेंट’ नौसेना शक्ति हैं और हम किसी को भी इस क्षेत्र में सुरक्षा एवं स्थिरता को बाधित नहीं करने देने की स्थिति में हैं।

जहां तक नौसेना की तैयारियों की बात है तो आपको बता दें कि भारतीय नौसेना के युद्धपोतों ने लंबी दूरी के सटीक हमलों के लिए अपनी तैयारी को प्रदर्शित करते हुए रविवार को सफलतापूर्वक पोत विध्वंसक अभ्यास किया। नौसेना की युद्ध क्षमता का यह प्रदर्शन, पहलगाम आतंकवादी हमले के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच हुआ है। भारतीय नौसेना के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘भारतीय नौसेना के पोतों ने लंबी दूरी के सटीक आक्रामक हमले के लिए मंचों, प्रणालियों और चालक दल की तत्परता को पुनः प्रमाणित करने और प्रदर्शित करने के लिए पोत विध्वंसक अभ्यास सफलतापूर्वक किया।’’ नौसेना के बयान में कहा गया है कि भारतीय नौसेना किसी भी समय, किसी भी स्थान पर, किसी भी तरह से राष्ट्र के समुद्री हितों की रक्षा करने को युद्ध के लिए तैयार है। भारतीय नौसेना ने समुद्र में 'लाइव फायरिंग' के वीडियो भी जारी किए, लेकिन यह विवरण नहीं दिया कि अभ्यास कब किया गया।

इसके अलावा, गत सप्ताह नौसेना के नवीनतम स्वदेशी गाइडेड मिसाइल विध्वंसक पोत आईएनएस सूरत ने भी मीडियम रेंज सरफेस-टू-एयर मिसाइल (MR-SAM) सिस्टम का सफल परीक्षण किया। हम आपको बता दें कि इस प्रणाली को भारत और इज़राइल ने संयुक्त रूप से विकसित किया है और यह सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइलों तथा हवाई खतरों को 70 किलोमीटर तक की दूरी पर नष्ट करने में सक्षम है। आईएनएस सूरत, जिसे जनवरी 2025 में कमीशन किया गया था, प्रोजेक्ट P15B के तहत बनाए गए विशाखापट्टनम श्रेणी के विध्वंसक जहाजों में अंतिम पोत है। 75% स्वदेशी सामग्री से बने इस पोत में ब्रह्मोस और बराक-8 मिसाइलें, एआई एकीकरण, उन्नत रडार प्रणाली और नेटवर्क-केंद्रित युद्ध क्षमताएं मौजूद हैं, जो भारत की बहु-क्षेत्रीय समुद्री शक्ति को और अधिक मजबूत बनाती हैं।

बहरहाल, पाकिस्तान में बैठे वहां के हुक्मरान टीवी समाचार चैनलों पर भले बड़ी-बड़ी बयानबाजी कर रहे हों लेकिन अगर उन्हें नये भारत का अर्थ समझना है तो पिछले साल उत्तरी अरब सागर में अपहृत वाणिज्यिक जहाज में सवार लोगों से भारतीय नौसेना की ताकत का अंदाजा पूछ सकते हैं।

प्रमुख खबरें

North Korea Cluster Bomb Test | किम जोंग उन ने दागीं ऐसी मिसाइलें जो आसमान से बरसाएंगी तबाही! थर्राए अमेरिका और जापान!

Iran Rejects Ceasefire | ईरान ने ठुकराई सीज़फ़ायर 2.0 वार्ता, अमेरिका पर लगाए गंभीर आरोप

Middle East Tension | ओमान की खाड़ी में भारी तनाव: ईरानी जहाज पर अमेरिकी कार्रवाई के बाद IRGC का ड्रोन हमला

BCCI का Mission 2027! Ajit Agarkar को मिली नई Team India को गढ़ने की बड़ी जिम्मेदारी