World Cup: इतिहास रचने की दहलीज पर खड़ी इंग्लैंड टीम, नजरें ऑस्ट्रेलिया को हराने पर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 10, 2019

बर्मिंघम। पहली बार विश्व कप जीतने की दहलीज पर खड़ी इंग्लैंड टीम को गुरूवार को दूसरे सेमीफाइनल में पांच बार की चैम्पियन चिर प्रतिद्वंद्वी आस्ट्रेलिया को हराने के लिये काफी पापड़ बेलने पड़ेंगे। इंग्लैंड पिछली बार 2015 विश्व कप के पहले दौर से बाहर हो गया था। उसके बाद से हालांकि वनडे रैंकिंग में शीर्ष तक पहुंचा और काफी मजबूत टीम के रूप में उभरा। इंग्लैंड 1979, 1987 और 1992 में फाइनल तक पहुंचा लेकिन विश्व कप नहीं जीत सका। इस बार टीम के फार्म को देखते हुए विशेषज्ञों ने कयास लगाया था कि यह उसके पास सबसे सुनहरा मौका है। 

इंग्लैंड और खिताब के बीच पहले कदम पर हालांकि आस्ट्रेलिया है जो टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करता आया है। अभी तक उसने सारे छह सेमीफाइनल जीते हैं और 1999 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाटकीय हालात में मैच टाई हो गया था। चार महीने पहले आस्ट्रेलिया को शायद ही कोई गंभीरता से लेता लेकिन आरोन फिंच की टीम ने शानदार वापसी की है। उसे अभी भी अतीत की ‘अपराजेय’ आस्ट्रेलियाई टीम नहीं कहा जा सकता लेकिन बड़े मुकाबलों में उसने हमेशा अच्छा प्रदर्शन किया है। इस बार भी सही समय पर टीम फार्म में आ गई है और किसी तरह के दबाव में नहीं है। 

इसे भी पढ़ें: पिछले चार वर्षों में आस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड का रिकार्ड बेहतर: रूट

आस्ट्रेलियाई कोच जस्टिन लैंगर ने कहा कि एक साल पहले हम इतने इत्मीनान से नहीं थे। हम बड़े संकट से गुजरे जिसकी असर खेल पर ही नहीं बल्कि हमारे देश पर भी पड़ा। इसलिये राहत की बात ही नहीं थी। हमें मेहनत करनी थी जो हमने की। हमें अच्छा खेलना ही नहीं था , अच्छा आचरण भी करना था।’’ उन्होंने डेविड वार्नर और स्टीव स्मिथ का जिक्र करते हुए कहा कि मुझे पता था कि इंग्लैंड में कुछ लोग खिल्ली उड़ायेंगे लेकिन यह सही था । हमें मेहनत करनी थी । हमें पता था कि हमारे पास अच्छे खिलाड़ी हैं।

इसे भी पढ़ें: भारत-न्यूजीलैंड मैच के दौरान ओल्ड ट्रैफर्ड के ऊपर नहीं उड़ सकेंगे विमान

इंग्लैंड ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले 12 में से 10 मैच जीते लेकिन उन्हें पता है कि आस्ट्रेलियाई टीम कितनी खतरनाक है जिसने उन्हें लीग चरण में 64 रन से हराया। उसके बाद इंग्लैंड ने हालांकि आखिरी दो लीग मैच में भारत और न्यूजीलैंड को मात दी। सलामी बल्लेबाज जानी बेयरस्टा और जासन राय जबर्दस्त फार्म में है। कप्तान इयोन मोर्गन ने भी रन बनाये हैं। तेज गेंदबाज लियाम प्लंकेट का मानना है कि उनकी टीम इस बार खिताब की प्रबल दावेदार है और आस्ट्रेलिया को हरायेगी। उन्होंने कहा की इंग्लैंड की पिछली टीमों की तुलना में हम अलग तरह के प्राणी है। हमने पिछले चार साल में काफी क्रिकेट खेला है। हम नंबर वन रहे। हमारा दिन होने पर हम दुनिया में किसी को भी हरा सकते हैं। इंग्लैंड की टीम में फिटनेस का कोई मसला नहीं है जबकि आस्ट्रेलियाई टीम में चोटिल उस्मान ख्वाजा की जगह पीटर हैंडस्कांब होंगे। 

इसे भी पढ़ें: भारतीय गेंदबाजों के धमाल के बाद बारिश ने बढ़ाया इंतजार, रिजर्व डे पर होगा मैच का फैसला

टीमें:

आस्ट्रेलिया : आरोन फिंच (कप्तान), जासन बेहरेनडोर्फ, एलेक्स कारे, नाथन कूल्टर नाइल, पैट कमिंस, पीटर हैंडस्कांब, उस्मान ख्वाजा, नाथन लियोन, ग्लेन मैक्सवेल, केन रिचर्डसन, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस, डेविड वार्नर, एडम जाम्पा। 

स्टैंडबाय : मैथ्यू वेड, मिशेल मार्श 

इंग्लैंड : इयोन मोर्गन (कप्तान), मोईन अली, जोफ्रा आर्चर, जानी बेयरस्टा, जोस बटलर, टाम कुरेन, लियाम डासन, लियाम प्लंकेट, आदिल रशीद, जो रूट, जासन राय, बेन स्टोक्स, जेम्स विंस, क्रिस वोक्स, मार्क वुड। मैच का समय : दोपहर तीन बजे से।

प्रमुख खबरें

Iran ने US के सामने रखा 7-Day Plan, Strait of Hormuz खोलने और शांति वार्ता की रखी शर्त

Asian Games: Kamaljeet और Suruchi की जोड़ी ने शूटिंग में जीता Gold, कोरिया को दी मात

Asian Games Shot Put: भारत की Manpreet Kaur ने 17.17 मीटर थ्रो से जीता कांस्य पदक

Asian Games में निशानेबाजों के शानदार प्रदर्शन पर President Droupadi Murmu ने दी बधाई