By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 23, 2022
अंताल्या। अभिषेक वर्मा, रजत चौहान और अमन सैनी की भारतीय पुरुष ‘कंपाउंड’ तीरंदाजी टीम ने विश्व कप के पहले चरण के रोमांचक फाइनल में शनिवार को यहां फ्रांस को एक अंक से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारत हालांकि ‘कंपाउंड’ में दूसरा पदक नहीं जीत पाया। वर्मा और मुस्कान किरार की मिश्रित युगल जोड़ी कांस्य पदक के ‘प्लेऑफ’ में क्रोएशिया से 156-157 से हार गयी। ‘कंपाउंड’ टीम स्पर्धा के पुरुष फाइनल में भारतीय टीम पहले सेट में अपने फ्रांसीसी प्रतिद्वंद्वियों जीन फिलिप बौल्च, क्वेंटिन बरार और एड्रियन गोंटियर से 56-57 से पिछड़ गयी।
विश्व कप में अपना पहला पदक जीतने वाले 24 साल के सैनी ने कहा, ‘‘ मानसिक रूप से हम आज वास्तव में मजबूत थे। हम इस आयोजन की तैयारी कर रहे थे और अब हमें इस साल एशियाई खेलों में भाग लेना है , जहां हम अच्छा करना चाहते हैं। इस स्वर्ण पदक से हमारा मनोबल बढ़ेगा।’’ तरुणदीप राय और ऋद्धि फोर की ‘रिकर्व’ मिश्रित युगल जोड़ी रविवार को स्वर्ण पदक के मुकाबले में उतरेगी। उन्होंने सेमीफाइनल में स्पेन को 5-3 से हराया था।