WPL 2025 की Star Shabnim Ismail की वापसी, T20 World Cup में South Africa के लिए फिर गरजेंगी

By Ankit Jaiswal | May 12, 2026

दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है और इस बार सबसे ज्यादा चर्चा अनुभवी तेज गेंदबाज शबनिम इस्माइल की वापसी को लेकर हो रही है। 37 वर्षीय शबनिम इस्माइल ने साल 2023 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन अब वह एक बार फिर विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका की जर्सी में खेलती नजर आएंगी।

दक्षिण अफ्रीका टीम की कप्तानी लौरा वोल्वार्ड्ट को सौंपी गई है। टीम में मारिजान कैप और पूर्व कप्तान डेन वान नीकेर्क की भी वापसी हुई है। गौरतलब है कि मारिजान कैप हाल ही में बीमारी के कारण टीम से बाहर थीं, जबकि डेन वान नीकेर्क ने पिछले साल संन्यास से वापसी की थी और उसके बाद कुछ अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले थे।

दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच मंडला माशिमबीयी ने शबनिम इस्माइल की वापसी को टीम के लिए बेहद अहम बताया है। उन्होंने कहा कि शबनिम के अंदर अभी भी देश के लिए कुछ खास करने की भूख दिखाई देती है और उनका अनुभव टीम को बड़े मुकाबलों में फायदा पहुंचाएगा।

बता दें कि टीम में युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है। पूर्व अंडर-19 कप्तान कायला रेनेके पहली बार सीनियर विश्व कप टीम में शामिल हुई हैं। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज कराबो मेसो भी चोट से उबरने के बाद टीम में वापसी कर रही हैं। कराबो मेसो अंडर-19 विश्व कप 2025 में दक्षिण अफ्रीका टीम का हिस्सा थीं।

हालांकि पिछले टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाली एनेके बॉश इस बार टीम में जगह नहीं बना सकीं। चयनकर्ताओं ने अनुभव और टीम संतुलन को प्राथमिकता देने की बात कही है।

दक्षिण अफ्रीका की टीम अपने अभियान की शुरुआत 13 जून को मैनचेस्टर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी से दक्षिण अफ्रीका की टीम इस बार खिताब की मजबूत दावेदार बन सकती है।

दक्षिण अफ्रीका महिला टीम में लौरा वोल्वार्ड्ट, ताज़मिन ब्रिट्स, नादिन डी क्लर्क, एनेरी डर्कसन, शबनिम इस्माइल, सिनालो जाफ्टा, मारिजान कैप, अयाबोंगा खाका, सुने लूस, कराबो मेसो, नोनकुलेको म्लाबा, कायला रेनेके, टुमी सेखुखुने, क्लोए ट्रायन और डेन वान नीकेर्क को शामिल किया गया है।

प्रमुख खबरें

Russian Army में भर्ती न हों भारतीय नागरिक, Ministry of External Affairs ने जारी की एडवाइजरी

Allahabad High Court का निर्देश, पुलिस थानों में 24 घंटे चालू रहने चाहिए CCTV कैमरे

Delhi में सबसे गोल-मटोल कुत्ते के खिताब के लिए Gola और Gugu के बीच फाइनल मुकाबला

सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार: AAP ने मंत्री Parvesh Verma के खिलाफ ACB में दर्ज कराई शिकायत