लेखक, मित्र रुश्दी के समर्थन में जुटे, एकजुटता कार्यक्रम में उनकी रचनाएं पढ़ीं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 21, 2022

न्यूयॉर्क, 21 अगस्त। अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक साहित्यिक कार्यक्रम में मंच पर लेखक सलमान रुश्दी को छुरा घोंपने की घटना के एक हफ्ते बाद लेखक के मित्र एवं अन्य लेखक ‘‘निरंतर’’ अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर उनके विचारों के प्रति एकजुटता व्यक्त करने के लिए यहां न्यूयॉर्क पब्लिक लाइब्रेरी में एकत्र हुए और उनकी रचनाओं को पढ़ा। साहित्य एवं हिमायत करने वाले समूह ‘पेन अमेरिका’, उनके प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस, न्यूयॉर्क पब्लिक लाइब्रेरी और हाउस ऑफ स्पीकईजी ने शुक्रवार को विशेष एकजुटता कार्यक्रम ‘‘स्टैंड विद सलमान: डिफेंड द फ्रीडम टू राइट’’का आयोजन किया। रुश्दी ‘पेन अमेरिका’के अध्यक्ष रह चुके हैं। इस कार्यक्रम में रुश्दी के समर्थन में लेखक, कार्यकर्ता और मित्र एकसाथ जुटे।

‘सैटेनिक वर्सेज’ के लेखक पश्चिमी न्यूयॉर्क में चौटाउक्वा इंस्टीट्यूशन में एक कार्यक्रम को संबोधित करने वाले थे, तभी यह घटना हुई। मुंबई में जन्मे विवादास्पद लेखक रुश्दी को ‘द सैटेनिक वर्सेज’ लिखने के बाद वर्षों तक इस्लामी चरमपंथियों से मौत की धमकियों का सामना करना पड़ा। घटना के बाद उन्हें एक स्थानीय ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया और कई घंटे चली सर्जरी के बाद वेंटिलेटर पर रखा गया। ‘पेन अमेरिका’ की सीईओ सुजैन नोसेल ने कार्यक्रम की शुरुआत में कहा, ‘‘रुश्दी शब्दों के इस्तेमाल में महारत रखते हैं और लेखक पर उनके काम के कथित अपराध को लेकर हमला किया गया।’’

हमले के दो दिन बाद, उनके बेटे जफर रुश्दी ने एक बयान में कहा था कि उनका परिवार इसको लेकर ‘‘बेहद राहत महसूस कर रहा है’’ कि रुश्दी को वेंटिलेटर और अतिरिक्त ऑक्सीजन से हटा दिया गया है और वह अब थोड़ा बहुत बात कर पा रहे हैं। मतार को गिरफ्तार कर लिया गया और उस पर हत्या तथा हमले के आरोप लगे हैं। उसने इन आरोपों से इनकार किया है। मतार को चौटाउक्वा काउंटी जेल में रखा गया है। पेंग्विन रैंडम हाउस के सीईओ मार्कस डोहले ने एक बयान में कहा, ‘‘रश्दी की आवाज और साहित्यिक कृतियां अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से अटूट रूप से जुड़ी हुई हैं और उन पर हमला हिंसा का एक भयावह, अविवेकपूर्ण कार्य है।

प्रमुख खबरें

Varanasi Air Show: चंदौली के दो ब्लॉकों में 22 और 24 अक्टूबर को स्कूल ऑनलाइन चलेंगे

Ladakh में एलजी ने LAHDC की सीटें बढ़ाकर कीं 100, आठ परिषदों के निर्वाचन क्षेत्र अधिसूचित

INDIA bloc Leaders Meeting: वोट चोरी पर रणनीति बनाने को लेकर खरगे की अध्यक्षता में बैठक

Punjab में नशा विरोधी कार्यकर्ता Parvinder Singh Jhota की हत्या की जांच CBI ने संभाली