साल 2021 राजनीतिक और आर्थिक दृष्टि से भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण है

By नीरज कुमार दुबे | Jan 02, 2021

नया साल आ चुका है। वर्ष 2020 जहाँ कोरोना लेकर आया वहीं साल 2021 कोरोना की वैक्सीन लेकर आया है। लोगों ने 31 दिसम्बर 2020 की रात जमकर खुशियां मनाईं और यह खुशियाँ नये साल के आने से ज्यादा पुराने साल के जाने की थी। शायद ही कोई ऐसा साल रहा होगा जिसकी शुरुआत में ही लोग उसके खत्म होने का इंतजार करने लगे थे। लेकिन जैसा कि हर रात के बाद सुबह होती है, 2020 खत्म हुआ और 2021 का सूर्योदय हुआ। नया साल भारत के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण रहने वाला है। पूरी दुनिया देखेगी कि कैसे विश्व में सर्वाधिक दूसरी बड़ी आबादी वाला देश सबको वैक्सीन लगाता है। भारत के लिए वर्ष 2021 इस मायने में भी महत्वपूर्ण रहने वाला है कि नये साल में आने वाले नये बजट से लोगों को काफी उम्मीदें हैं। पिछले वर्ष कोरोना और लॉकडाउन ने अर्थव्यवस्था को काफी हद तक प्रभावित किया, हालांकि सरकार ने हालात को बड़ी संजीदगी के साथ संभाला लेकिन अब भी कई सेक्टर राहत का इंतजार कर रहे हैं और बेरोजगारी की दर कम करने के मोर्चे पर भी सरकार को काफी काम करना है। सरकार के लिए बजट सत्र चुनौतीपूर्ण भी रहने वाला है क्योंकि विपक्ष तीन कृषि सुधार कानूनों को वापस लेने के लिए दबाव बनायेगा।

इसे भी पढ़ें: संकट काल में पूरी दुनिया ने देखी नरेंद्र मोदी की अद्भुत नेतृत्व क्षमता

जहाँ तक कांग्रेस की बात है तो देखना होगा कि क्या देश की सबसे पुरानी पार्टी को इस साल पूर्णकालिक अध्यक्ष मिलता है या नहीं। यह भी देखना होगा कि क्या नया अध्यक्ष गांधी परिवार से बाहर का बनता है या परिवार के पास ही पार्टी की कमान बनी रहती है। केरल में हर चुनाव में होने वाला पलट क्या इस बार भी होता है यह देखने वाली बात होगी। कांग्रेस यहाँ इस बार अपनी बारी की प्रतीक्षा में है लेकिन वामदलों ने जिस तरह अपने को मजबूत किया है उसे देखते हुए सत्ता पलट होना मुश्किल नजर आ रहा है। पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी को गुटबाजी खत्म करने पर इस साल ध्यान देना होगा।

इसके अलावा पर्यावरण संबंधी चुनौतियों से निबटना भी सरकार के लिए चुनौती बना रहेगा। वैश्विक दृष्टि से देखें तो अमेरिका की नयी सरकार के साथ सामंजस्य बढ़ाना, अफगानिस्तान से अमेरिका यदि पूरी तरह बाहर चला जाता है तो पाकिस्तान की ओर से बढ़ने वाली चुनौतियों से निबटना, चीन की ओर से दी जा रही चुनौतियों का सामना करना, नेपाल को अपने पाले में बनाये रखना आदि भी बड़े लक्ष्य हैं। सेना के आधुनिकीकरण की राह पर आगे बढ़ना, देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सतत प्रयास आदि भी लगातार करने होंगे। नागरिकों के जीवन स्तर को उठाने के लिए भी केंद्र तथा राज्यों को मिलकर काम करने होंगे और कोरोना के खतरे को देखते हुए सतर्कता बनाये रखने होगी। यकीनन एकजुटता के साथ सभी लोग प्रयास करेंगे तो वर्ष 2021 सभी के लिए हितकारी और मंगलमयी होगा।

-नीरज कुमार दुबे

प्रमुख खबरें

दुनियाभर में PSL की हुई फजीहत, ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने किया ये बड़ा खुलासा

कोयल से हुई बात (व्यंग्य)

Coimbatore में Rahul Gandhi का नो शो, K Annamalai बोले- INDIA गठबंधन में सब ठीक नहीं है

Modi Cabinet Meeting में लिये गये बड़े फैसले, राजस्थान को रिफाइनरी और मेट्रो की सौगात, देश के किसानों को फिर दिया बड़ा तोहफा