येचुरी ने किया दावा, लोकसभा चुनाव में वाम दल ‘‘चौंकाने वाले नतीजे’’ देगा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 17, 2019

कोलकाता। माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने उन दावों को खारिज किया है कि पार्टी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा को अपने पांव जमाने में मदद की। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में वाम दल ‘‘चौंकाने वाले नतीजे’’ देगा। उन्होंने कहा कि यह तृणमूल कांग्रेस ही है जिसने राज्य में आधार बनाने में भाजपा-आरएसएस की मदद की। उन्होंने कहा, ‘‘यह साफ तौर पर झूठ है कि माकपा कार्यकर्ता भाजपा की मदद कर रहे हैं। यह झूठी अफवाह है जिसे भगवा पार्टी और तृणमूल ने फैलाया है। वे इस बात को फैलाने की कोशिश कर रहे हैं कि पश्चिम बंगाल में मुकाबला भाजपा और तृणमूल के बीच है। यह पूरी तरह से गलत है।’’

इसे भी पढ़ें: येचुरी ने ममता को बताया भाजपा की ‘स्वभाविक सहयोगी’

एक बंगाली समाचार चैनल को बृहस्पतिवार को दिये साक्षात्कार में येचुरी ने कहा, ‘‘मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि वाम दल चौंकाने वाले नतीजों के साथ वापसी करेगा। हमारा प्रदर्शन लियोनेल मेस्सी (फुटबॉल के बेहतरीन खिलाड़ी) की तरह होगा जो अपने विरोधियों को पछाड़ते हुए गोल दागते हैं।’’ माकपा के वरिष्ठ नेता का यह बयान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आरोपों की पृष्ठभूमि में आया है। ममता ने आरोप लगाया था कि वाम दल के कार्यकर्ता तृणमूल के खिलाफ लड़ाई में अपना वोट शेयर भाजपा के पाले में कर रहे हैं।