Yogi Adityanath ने Nana Patekar की सराहना की, महाराष्ट्र के किसान परिवारों की मदद को किया याद

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 15, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभिनेता नाना पाटेकर की किसानों की आत्महत्या से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए किए गए कार्यों की शुक्रवार को सराहना की। उन्होंने गायक-संगीतकार शंकर महादेवन की भी प्रशंसा की और कहा कि उनकी आवाज ने उत्तर प्रदेश पुलिस के गीत खाकी का सितारा को नई पहचान दी है। गीत जारी करने के समारोह में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या की घटनाओं के दौरान नाना पाटेकर द्वारा किसान परिवारों को दिए गए सहयोग को याद किया।

उन्होंने कहा, नाना पाटेकर केवल अभिनेता ही नहीं हैं, बल्कि वह बेहद संवेदनशील इंसान भी हैं। जब महाराष्ट्र में बड़ी संख्या में किसान आत्महत्या कर रहे थे, तब किसानों की मदद के लिए हाथ बढ़ाने वाला व्यक्ति कोई और नहीं बल्कि नाना पाटेकर थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब नाना पाटेकर किसानों के लिए काम कर रहे थे और उनसे (मुख्यमंत्री से) मिलने आए तो उन्हें काफी आश्चर्य हुआ।

उन्होंने कहा, मुझे बहुत आश्चर्य हुआ था। इतना बड़ा अभिनेता किसानों के लिए काम कर रहा था, लेकिन यह सच था। उन्होंने कहा कि पाटेकर ने यह काम बिना किसी प्रचार और दिखावे के चुपचाप किया।

आदित्यनाथ ने बताया कि नाना पाटेकर ने उत्तर प्रदेश पुलिस के साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान में भी योगदान दिया है। उन्होंने डिजिटल गिरफ्तारी जैसे ऑनलाइन अपराधों से लोगों को सावधान करने के लिए बनाई गई लघु फिल्म में अभिनय किया है। मुख्यमंत्री ने पुलिस के जागरूकता अभियान के लिए अपनी कला देने वाले राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कलाकार नाना पाटेकर का आभार जताया।

उन्होंने शंकर महादेवन की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके गायन अंदाज ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा, उनका नाम ही शंकर है और अपने नाम के अनुरूप वह डबल शंकर बन गए हैं। वह शंकर भी हैं और महादेव भी।

उन्होंने कहा कि यह गीत सावन महीने में जारी हुआ है। उन्होंने कहा कि महादेवन की आवाज ने खाकी का सितारा को नई पहचान दी है और यह वर्दीधारी बलों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सकता है। कार्यक्रम में नाना पाटेकर, शंकर महादेवन, उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण सहित वरिष्ठ पुलिस और सरकारी अधिकारी मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी आईपीएस अधिकारी राहुल श्रीवास्तव ने डिजिटल गिरफ्तारी विषय पर आधारित साइबर जागरूकता लघु फिल्म की पटकथा लिखी है। इस फिल्म में नाना पाटेकर ने अभिनय किया है और इसका निर्देशन प्रसिद्ध बॉलीवुड लेखक-निर्देशक राज शांडिल्य ने किया है। श्रीवास्तव ने उत्तर प्रदेश पुलिस के गीत खाकी का सितारा में रचनात्मक निर्देशक की भूमिका भी निभाई।

इस गीत को प्रसिद्ध कवि-गीतकार आलोक श्रीवास्तव ने लिखा है। कार्यक्रम में अभिनेता करण आनंद भी शामिल हुए, जिन्होंने इस गीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रमुख खबरें

FSSAI ने Bisleri समेत बोतलबंद पानी ब्रांड्स के सैंपल जांचे, कानूनी कार्रवाई की तैयारी

Avengers: Doomsday के Countdown Clock पर बजा स्टीव और पैगी का मशहूर गाना, नए ट्रेलर को लेकर फैंस में हलचल तेज

Padmanabhaswamy Temple: 8वीं शताब्दी से भी पुराना है केरल का पद्मनाभस्वामी मंदिर, शेषनाग पर शयन मुद्रा में हैं श्रीहरि

Balendra Shah India Visit के दौरान हुए बड़े समझौतों को देखकर China परेशान ! Modi Diplomacy ने पलट दिया South Asia में खेल