By अभिनय आकाश | Oct 08, 2025
भारत में मलयेशिया के उच्चायुक्त दातो मुजफ्फर शाह मुस्तफा ने भारत को जाकिर नाइक को सौंपने को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। मुस्तफा ने कहा कि भारत के साथ हमारा द्विपक्षीय प्रत्यर्पण समझौता है और इसकी एक प्रक्रिया है जिसका पालन किया जाना आवश्यक है। जाकिर नाइक का मामला वर्तमान में कानूनी प्रक्रिया से गुजर रहा है। यह मामला मलयेशिया की कोर्ट की निगरानी में है और इसे न्यायिक विचार के आधार पर निपटाया जाएगा। भारत सरकार द्वारा दिए गए औचित्य के आधार पर जाकिर नाइक को प्रत्यर्पित करने का कोई कारण नहीं है। इस मामले का मलयेशिया सरकार से कोई लेना-देना नहीं है।'
मलेशियाई राजदूत ने कहा कि मामला भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए सबूतों या कारणों के आधार पर आगे बढ़ेगा, और साथ ही यह भी कहा कि इस मामले में मलेशिया की कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं है। यह बयान मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की अगस्त 2024 में भारत यात्रा के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर भारत ठोस सबूत पेश करता है तो प्रत्यर्पण पर विचार किया जाएगा। उच्चायुक्त की नवीनतम टिप्पणी इस दिशा में सकारात्मक संकेत देती है, जो कानून के दायरे में चल रहे सहयोग पर प्रकाश डालती है।