By अभिनय आकाश | Jan 13, 2025
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि सैनिकों ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र में दो उत्तर कोरियाई सैनिकों को पकड़ लिया है। यूक्रेन की सुरक्षा सेवा ने कहा कि सैनिकों को 9 जनवरी को पकड़ा गया था। जेलेंस्की ने कहा कि यह हमारे राज्य के खिलाफ रूसी युद्ध में उत्तर कोरिया की भागीदारी का अकाट्य सबूत है। सुरक्षा सेवा ने कहा कि पकड़े गए सैनिकों को तब से कीव में रखा जा रहा है और उन्हें जिनेवा कन्वेंशन के अनुसार सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।
जेलेंस्की ने टेलीग्राम’ पर कहा कि हमारे सैनिकों ने कुर्स्क में उत्तर कोरिया के दो सैनिकों को पकड़ा है। ये दोनों ऐसे सैनिक हैं जो घायल तो हो गये, लेकिन उनकी जान बच गयी। उन्हें कीव लाया गया है और यूक्रेन की सुरक्षा सेवाएं उनसे बात कर रही है।’’ उन्होंने एक कमरे में बैठे इन दोनों सैनिकों की तस्वीरें साझा की। उन्होंने कहा कि कुर्स्क में लड़ रहे रूसी सैन्य बल और उत्तर कोरियाई सैन्यबल ने उत्तर कोरियाई सैनिकों की मौजूदगी की बात को छिपाने की कोशिश की है और इसके तहत वे रणभूमि में घायल अपने साथियों को मार भी डालते हैं, ताकि यूक्रेनी सेना उसे पकड़ न ले और उससे पूछताछ न करे।