FSSAI की जांच के बीच Zomato की सख्ती, Analogue Dairy Products बेचने वाले रेस्तरां पर होगी कार्रवाई

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 31, 2026

ऑनलाइन ऑर्डर पर खाने-पीने के सामान की आपूर्ति करने वाले मंच जोमैटो ने सोमवार को अपने मंच पर सूचीबद्ध रेस्तरां के ‘एनालॉग’ चीज, पनीर या अन्य दुग्ध उत्पादों से बने व्यंजनों की बिक्री को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति की घोषणा की। कंपनी ने कहा कि नियमों का पालन नहीं करने वाले रेस्तरां को वह अपने मंच से हटाने का अधिकार रखती है। ‘एनालॉग’ व्यंजनों में पारंपरिक सामग्री की जगह सस्ते या वैकल्पिक पदार्थों, जैसे असली दूध या चीज की जगह वनस्पति तेलों का इस्तेमाल किया जाता है जबकि उनका रूप तथा बनावट पारंपरिक उत्पादों जैसी रखी जाती है।

इसे भी पढ़ें: FSSAI पैकेज्ड फूड पर लगाएगा लाल Warning Label, Supreme Court में दिया प्रस्ताव

जोमैटो ने सोमवार को अपने मंच पर सूचीबद्ध कारोबारियों को भेजे संदेश में कहा, ‘‘हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि ग्राहकों को ऐसा भोजन मिले, जिसका सही विवरण दिया गया हो, जो सुरक्षित हो और अपेक्षित गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरता हो। इसके तहत हम अपने मंच पर ‘एनालॉग’ चीज, पनीर और अन्य ऐसे दुग्ध उत्पादों वाले खाद्य उत्पादों की सूचीबद्धता और आपूर्ति को लेकर कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति लागू कर रहे हैं।’’ खाद्य वितरण मंच ने कहा कि यह पहल खाद्य सुरक्षा और नियामकीय आवश्यकताओं के अनुरूप उपभोक्ताओं के लिए पारदर्शिता एवं खाद्य गुणवत्ता मजबूत करने के लिए की जा रही है। जोमैटो ने कहा, ‘‘जिन रेस्तरां ने पहले ही अपने मेन्यू में ‘एनालॉग’ चीज व पनीर या अन्य ऐसे दुग्ध उत्पादों के इस्तेमाल की घोषणा की है, ऐसे व्यंजनों को तत्काल प्रभाव से मंच से हटा दिया जाएगा।’’ कंपनी ने रेस्तरां भागीदारों से तत्काल कदम उठाने को कहा है।

इसे भी पढ़ें: Karnataka के 5 Medical College हॉस्टल कैंटीन को मिला नोटिस, मिली थी खराब खाद्य सामग्री

इनमें प्राकृतिक दुग्ध उत्पादों का इस्तेमाल शुरू करना, जहां ऐसा तुरंत संभव नहीं हो वहां ‘एनालॉग’ दुग्ध उत्पादों वाले व्यंजनों को मेन्यू से हटाना तथा रेस्तरां के आपूर्तिकर्ताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए उत्पाद लेबल तथा सामग्री संबंधी घोषणाओं की समीक्षा कर इस्तेमाल की जा रही सामग्री की पुष्टि करना और जोमैटो पर सूचीबद्ध उत्पादों का सही विवरण सुनिश्चित करना शामिल है। जोमैटो ने कहा, ‘‘यदि कोई रेस्तरां नियमों का पालन नहीं करता पाया जाता है, तो कंपनी को ऐसे रेस्तरां को मंच से हटाने का अधिकार होगा। इसके अलावा, हमारी नीतियों और लागू कानून के तहत उपलब्ध अन्य कार्रवाई भी की जा सकती है।’’ जोमैटो ने कहा कि नियमों का पालन नहीं करने वाले उत्पाद ग्राहकों तक पहुंचने पर कंपनी को होने वाले किसी भी नुकसान, लागत, क्षति या खर्च की भरपाई भी वह संबंधित पक्ष से मांग सकती है।

जोमैटो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आदित्य मंगला ने कहा, ‘‘जोमैटो में हमारा मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक बेहतर भोजन पहुंचाना है। इसका मतलब ग्राहकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा हमारे रेस्तरां भागीदारों द्वारा सूचीबद्ध और परोसे जाने वाले खाद्य पदार्थों के लिए स्पष्ट मानकों को बनाए रखना है। यह नीति इसी प्रतिबद्धता को दर्शाती है और हम इसे उन भागीदारों के साथ मिलकर लागू कर रहे हैं जो इस प्रतिबद्धता को साझा करते हैं।

प्रमुख खबरें

Sri Lanka Supreme Court Bench: जजों के कार्यकाल विस्तार पर छिड़ा विवाद, 22nd Amendment की वैधता पर आएगा बड़ा फैसला

Pimple Free Skin के लिए आजमाएं ये Home Remedy, नीम और Multani Mitti फेस पैक बदल देंगे चेहरे का लुक

पूर्वोत्तर राज्यों के साथ सीमा विवाद में असम के 200 से अधिक लोगों ने गंवाई जान

West Bengal Government का बड़ा फैसला, अब हफ्ते में दो बार लगेगा Janata Darbar, शिकायतों का होगा Instant Solution