Air India Express की 75 उड़ानें रद्द, रविवार तक परिचालन सामान्य होने की उम्मीद

Air India Express
प्रतिरूप फोटो
ANI

एयरलाइन में कथित कुप्रबंधन और कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार के विरोध में चालक दल के सदस्यों के एक समूह ने हड़ताल की थी। हालांकि उन्होंने मंगलवार रात हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी थी। इसके साथ, एयरलाइन प्रबंधन ने भी चालक दल के 25 सदस्यों की बर्खास्तगी का पत्र वापस ले लिया।

मुंबई। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने शुक्रवार को चालक दल के सदस्यों की कमी के कारण लगभग 75 उड़ानें रद्द कर दीं। कंपनी को रविवार तक परिचालन सामान्य होने की उम्मीद है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। एयरलाइन में कथित कुप्रबंधन और कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार के विरोध में चालक दल के सदस्यों के एक समूह ने हड़ताल की थी। हालांकि उन्होंने मंगलवार रात हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी थी। इसके साथ, एयरलाइन प्रबंधन ने भी चालक दल के 25 सदस्यों की बर्खास्तगी का पत्र वापस ले लिया। हड़ताल के कारण टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन को मंगलवार रात से ही करीब 250 उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं। 

एयरलाइन के एक अधिकारी ने कहा कि उड़ानें रद्द होने और यात्रियों को क्षतिपूर्ति के कारण लगभग 30 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि हालात सामान्य न होने से शुक्रवार को भी करीब 75 उड़ानें रद्द की गई हैं। हालांकि यह संख्या बृहस्पतिवार को रद्द की गई उड़ानों की संख्या से कम है। अधिकारी ने कहा कि शनिवार को भी 45-50 उड़ानें रद्द होने की आशंका है। एयरलाइन ने बृहस्पतिवार को दोपहर को कहा कि उसने 85 उड़ानें या कुल दैनिक क्षमता का लगभग 23 प्रतिशत रद्द कर दिया है। टाटा समूह की एयरलाइन प्रतिदिन लगभग 380 उड़ानें संचालित करती है। हड़ताल के मद्देनजर व्यवधानों को कम करने के प्रयासों के तहत परिचालन में कटौती की गयी। 

इसे भी पढ़ें: धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा Air India एक्सप्रेस का परिचालन, चालक दल के सदस्यों की हड़ताल के कारण हुई थी बाधित

मंगलवार रात से, एयरलाइन ने 260 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइन औसतन प्रतिदिन 120 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें और 260 घरेलू सेवाएं संचालित करती है। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि अगले दो दिनों में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। चालक दल के जो सदस्य हड़ताल पर थे, वे अब काम पर लौट रहे हैं। एयरलाइन उन्हें ‘फिटनेस’ प्रमाणपत्र प्राप्त करने में मदद दे रही है। अधिकारियों ने कहा कि परिचालन सेवा धीरे-धीरे बहाल हो रही है और स्थिति रविवार तक सामान्य होने की उम्मीद है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़