बादल ने धर्म का इस्तेमाल हमेशा अपने निहित स्वार्थों के लिए किया : Bhagwant Mann

 Bhagwant Mann
creative common

मान ने प्रदेश इकाई के भीतर “आंतरिक कलह” के लिए कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर निशाना साधते हुए मान ने कहा कि “वंशवादी नेता” दुखी हैं क्योंकि आम परिवारों के बेटे और बेटियां विधानसभा में पहुंचे हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर निशाना साधा और उन पर निहित स्वार्थों के लिए धर्म का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

मान ने लोगों से राज्य की सभी 13 लोकसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी (आप) की जीत सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने शनिवार को मोगा के बाघापुराना में फरीदकोट सीट से आप उम्मीदवार करमजीत अनमोल के पक्ष में रैली की।

इससे पहले उन्होंने फिरोजपुर लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी जगदीप सिंह काका बराड़ के पक्ष में रोड शो किया। आप नेता ने एक सभा को संबोधित करते हुए बादल परिवार पर निशाना साधा और लोगों से उन्हें लोकसभा चुनाव में सबक सिखाने को कहा।

मान ने आरोप लगाया कि बादल परिवार ने धर्म का इस्तेमाल अपने निजी फायदे के लिए किया और जब भी उन पर इसके लिए निशाना साधा गया तो उन्होंने इसे ढाल के तौर पर इस्तेमाल किया। बादल पर हमला करते हुए मान ने कहा, “बादल परिवार ने हमेशा धर्म का इस्तेमाल किया है। वे धर्म का इस्तेमाल तब करते हैं जब वे संकट में होते हैं, जब वे (चुनाव) हार जाते हैं।”

बेअदबी के मुद्दे पर अकालियों की आलोचना करते हुए मान ने लोगों से उन्हें सबक सिखाने के लिए कहा और आरोप लगाया कि उन्होंने खुद को भगवान समझना शुरू कर दिया है। ‘पंजाब बचाओ यात्रा’ निकालने के लिए शिअद की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे ‘परिवार बचाओ यात्रा’ करार दिया और कहा कि सत्ता में रहते हुए वे राज्य के खजाने को ‘लूट’ रहे थे।

मान ने प्रदेश इकाई के भीतर “आंतरिक कलह” के लिए कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर निशाना साधते हुए मान ने कहा कि “वंशवादी नेता” दुखी हैं क्योंकि आम परिवारों के बेटे और बेटियां विधानसभा में पहुंचे हैं।

इससे पहले फिरोजपुर में रोड शो के दौरान आप नेता ने बादल पर हमला करते हुए कहा कि शिअद प्रमुख मैदान से भाग गए क्योंकि उन्हें इस सीट से हारने का डर था। वर्तमान में फिरोजपुर सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे सुखबीर बादल ने कहा है कि वह इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़