भीषण गर्मी के बीच Jharkhand सरकार ने 8वीं तक की कक्षाएं निलंबित कीं

Jharkhand government
प्रतिरूप फोटो
ANI

राज्य में भीषण गर्मी के मद्देनजर झारखंड सरकार ने मंगलवार से आठवीं तक की कक्षाएं निलंबित कर दी हैं। आदेश में कहा गया है कि नौवीं से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह सात बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक संचालित होंगी। संबंधित अधिकारी ने बताया कि यह आदेश सरकारी, निजी, सहायता प्राप्त और गैर-सहायता प्राप्त सभी स्कूलों पर लागू होगा।

रांची । झारखंड सरकार ने राज्यभर में भीषण गर्मी के मद्देनजर मंगलवार से आठवीं तक की कक्षाएं निलंबित कर दी हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नौवीं से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह सात बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक संचालित होंगी। अधिकारी ने बताया कि यह निर्णय छात्रों को भीषण गर्मी के प्रतिकूल प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह आदेश सरकारी, निजी, सहायता प्राप्त और गैर-सहायता प्राप्त सहित सभी प्रकार के स्कूलों पर लागू होगा। 

स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह के एक आदेश में कहा गया है, ‘‘अगली सूचना तक सरकारी, निजी, सहायता प्राप्त और गैर सहायता प्राप्त सहित सभी श्रेणियों के स्कूलों में आठवीं तक की कक्षाएं निलंबित की जाती हैं।’’ इसमें कहा गया, ‘‘यह आदेश 30 अप्रैल से प्रभावी होगा। हालांकि, यह स्कूलों के शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा। शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के लिए ग्रीष्मकालीन अवकाश के संबंध में एक अलग आदेश जारी किया जाएगा।’’ 

सोमवार को 11 जिलों - बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम - में लू की स्थिति दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गोड्डा में 44.6 डिग्री, जमशेदपुर में 44 डिग्री और डाल्टनगंज में 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़