कोरोना के चलते असम में 12 घंटे का रात्रि कर्फ्यू, हैदराबाद में आठ दिनों तक बंद रहेंगी दुकानें

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 26, 2020

गुवाहाटी। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच असम सरकार ने घोषणा की कि शुक्रवार से राज्यभर में शाम सात बजे से 12 घंटे का रात्रि कर्फ्यू लागू रहेगा और 28 जून आधी रात से कामरूप (महानगर) जिले में 14 दिन का संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। गुवाहाटी कामरूप (महानगर) जिले में पड़ता है। वहीं हैदराबाद के सबसे बड़े थोक बाजार बेगम बाजार के दुकानदारों ने रविवार से आठ दिनों तक दुकानें बंद रखने का फैसला किया है। असम के स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्व सरमा ने कहा कि गुवाहाटी में 15 जून से अब तक कोरोना वायरस के 762 मामले सामने आ चुके हैं और उनमें से 677 ने हाल में कोई यात्रा नहीं की थी। 

संघ के अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण राठी ने कहा, ‘‘एहतियाती कदम के तौर पर 28 जून से पांच जुलाई तक दुकानें बंद रखने का फैसला किया गया है। हमारे कुछ सदस्य भी कोरोना वायरस संक्रमित हुए हैं। हमारे दुकानदार साथियों, उनके परिवार के सदस्यों और ग्राहकों की सुरक्षा को देखते हुए हमने यह फैसला किया।’’ तेलंगाना में पिछले कुछ दिनों से कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।बृहस्पतिवार को यहां संक्रमण के 920 मामले सामने आए और पांच लोगों की मौत हो गयी। राज्य में अब तक कुल 11,364 लोग संक्रमित हुए हैं और मृतक संख्या 230 हो गयी है। 

इसे भी पढ़ें: WB में एक दिन में कोविड-19 के सबसे ज्यादा 542 नए मामले, अब तक 16,190 मरीज संक्रमित 

गोशामहल विधानसभा से भाजपा विधायक राजा सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि अब तक उनके पांच कर्मचारियों-दो चालकों और तीन अंगरक्षकों को संक्रमण की पुष्टि हुई है और पांच कर्मचारियों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में 19 जून से 12 दिन का लॉकडाउन लागू है। यहां अब तक 700 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच कर्नाटक सरकार ने कहा कि बेंगलुरू में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए हरसंभव प्रयास किये जाएंगे और लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा। सरकार ने कहा कि वह विकास संबंधी गतिविधियां और कोविड-19 प्रबंधन साथ में संचालित करना चाहती है। मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने बेंगलुरू से सभी राजनीतिक दलों के विधायकों, विधान परिषद सदस्यों और सांसदों की बैठक की अध्यक्षता की जिसमें उन्होंने वायरस पर रोकथाम के लिए उठाए गए कदमों पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि शहर में अब कोई लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा। कांग्रेस राज्य में लॉकडाउन लगाने पर जोर दे रही है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घोषणा की कि 31 जुलाई तक बढ़ाए गए लॉकडाउन में रात 10 बजे से सुबह पांच बजे के बीच रात्रि कर्फ्यू लागू रहेगा। इस समय रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक का कर्फ्यू लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि एक जुलाई से मेट्रो सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएं। इस दौरान सभी सवारियां बैठकर यात्रा करें और कोई भी खड़े होकर सफर न करे। 

इसे भी पढ़ें: कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली सरकार का ऐलान, 31 जुलाई तक बंद रहेंगे सभी स्कूल 

बनर्जी ने कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हमने तय किया है कि (एक जुलाई से) रात्रि कर्फ्यू रात 10 से सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा। हम चाहते हैं कि सभी एहतियाती कदम उठाते हुए एक जुलाई से मेट्रो सेवाएं शुरू की जाएं। इस दौरान केवल बैठकर ही यात्रा की जाए। उन्होंने कहा कि कोलकाता मेट्रो रेलवे यह सुनिश्चित करे कि यात्री केवल बैठकर यात्रा करें और कोई यात्री खड़ा न हो और न ही ट्रेन में भीड़ हो।

प्रमुख खबरें

Nana Patekar की मौत पर Tanushree Dutta के बयान पर विवाद, Sandhya Mridul ने ऐसा क्या लिखा, जिसकी हो रही चर्चा?

Noida का Jewar Airport अब Narendra Modi International Airport कहलाएगा, Yogi Cabinet ने फैसले पर लगाई मुहर

शिवम पंडित के रूप में इमरान हाशमी की धमाकेदार वापसी! आवारापन 2 OTT पर हुई रिलीज़, जानें कहानी और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

Congress और CJP के प्रदर्शनों के चलते Delhi में व्यापार ठप, त्योहारों के मौके पर बिक्री बढ़ने की जगह बाजार सूने पड़े