Delhi Mundka fire incident: बिल्डिंग में 27 लोग जले जिंदा, 12 लोग झुलसे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 14, 2022

नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के पश्चिमी इलाके में मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास स्थित चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में शुक्रवार शाम आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य झुलस गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आग इमारत की पहली मंजिल से लगनी शुरू हुई जहां सीसीटीवी कैमरा और राउटर निर्माता कंपनी का कार्यालय था। उन्होंने कहा कि आग बुझाने के काम में 30से अधिक दमकल वाहनों को लगाया गया। पुलिस ने बताया कि कंपनी के मालिकों-हरीश गोयल और वरुण गोयल को हिरासत में ले लिया गया है और इमारत के मालिक की पहचान मनीष लाकरा के रूप में हुई है। इसने कहा कि वह इमारत के सबसे ऊपर वाले तल पर रहता था और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आग लगने से हुई लोगों की मौत पर शोक जताया। कोविंद ने कहा कि वह इमारत में आग लगने से कई लोगों की मौत से अत्यंत दुखी हैं। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘ मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’ कोविंद ने ट्वीट किया, ‘‘ दिल्ली में मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास एक इमारत में आग लगने की घटना से अत्यंत दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’ मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘दिल्ली में भीषण आग की घटना में लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से इस हादसे में जाने गंवाने वालों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की राशि दी जाएगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हादसे पर शोक व्यक्त किया और कहा कि वह लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं। केन्द्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है।

इसे भी पढ़ें: नीतीश-तेजस्वी की बैठक पर चिराग ने निशाना साधा

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में आग लगने की घटना में कई लोगों की मौत पर शुक्रवार को दुख जताया और झुलसे हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने ट्वीट किया, दिल्ली में मुंडका के निकट हुई अग्नि दुर्घटना में कई लोगों की मौत से दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा, मुंडका आग हादसे की खबर सुनकर मन को भारी दुख पहुंचा। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले। घटनास्थल पर हर तरफ दुखद दृश्य दिखाई दिए। कई लोग जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदते दिखे तो कई लोग रस्सियों के सहारे इमारत से नीचे आते दिखाई दिए।

प्रमुख खबरें

देश का भविष्य लाइब्रेरियों में! Delhi में JP Narayan Library का Amit Shah ने किया उद्घाटन

Relationship में बहस के दौरान न करें ये गलतियां, वरना कमजोर हो सकता है रिश्ता

Rajnath Singh का युवाओं से आह्वान: Atmanirbhar Bharat के लिए इससे बेहतर समय नहीं

Yes Milord: निदा खान को बेल देने के पीछे कोर्ट ने श्री कृष्ण का क्यों दिया हवाला, लोग हैरान!