गाजा पर इजराइली हमलों में 28 लोगों की मौत, संघर्ष विराम के लिए पश्चिम एशिया रवाना हुए Blinken

By Prabhasakshi News Desk | Aug 18, 2024

दीर अल-बलाह (गाजा पट्टी) । गाजा में शनिवार रात और रविवार को इजराइली हमलों में बच्चों समेत 28 लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन महीनों से जारी जटिल वार्ताओं के बाद एक संघर्ष विराम समझौता कराने के उद्देश्य से रविवार को पश्चिम एशिया के लिए रवाना हो गए। दोहा में दो दिन की वार्ता के बाद अमेरिका और उसके सहयोगी मध्यस्थ देश मिस्र और कतर समझौता कराने के करीब पहुंचते दिख रहे हैं। अमेरिकी और इजराइली अधिकारियों ने समझौते को लेकर आशा व्यक्त की है। लेकिन हमास ने लड़ाई जारी रखने के संकेत दिए हैं। 

विशेषज्ञों ने अकाल और पोलियो जैसी बीमारियों के फैलने के प्रति आगाह किया है। सात अक्टूबर को इजराइल पर हमास के चरमपंथियों के हमलों में लगभग 1,200 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें अधिकतर आम नागरिक थे जबकि लगभग 250 लोगों को अगवा कर लिया गया था। माना जाता है कि उनमें से लगभग 110 लोग अब भी गाजा में हैं, जबकि इजराइली अधिकारियों का कहना है कि उनमें से लगभग एक तिहाई की मौत हो चुकी है। नवंबर में एक हफ्ते के संघर्षविराम के दौरान 100 से ज्यादा बंधकों को रिहा किया गया था। अल अक्सा अस्पताल के अनुसार, इजराइल ने नए सिरे से बमबारी करते हुए रविवार तड़के दीर अल-बलाह में एक मकान पर हमला किया जिसमें एक महिला और उसके छह बच्चों की मौत हो गई। 

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, उत्तरी शहर जबालिया में दो अपार्टमेंटों पर हमला हुआ, जिसमें दो पुरुषों, एक महिला और उसकी बेटी की मौत हो गई। अल-अवदा अस्पताल के अनुसार, मध्य गाजा में दो अन्य हमलों में नौ लोग मारे गए। नासेर अस्पताल के अनुसार, शनिवार देर रात दक्षिणी शहर खान यूनिस के पास हुए हमले में एक ही परिवार के चार लोग मारे गए, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल थीं। युद्ध रोकने के लिए महीनों से जारी प्रयासों को पिछले महीने दो शीर्ष चरमपंथियों की निशाना बनाकर हत्या किए जाने के बाद अधिक बल मिला है। दोनों चरमपंथियों की हत्या का आरोप इजराइल पर लगा है। 

दूसरी ओर, ईरान तथा हिज्बुल्ला ने दोनों चरमपंथियों की मौत का बदला लेने का संकल्प लिया है, जिससे पश्चिम एशिया में पूर्ण युद्ध की आशंका बढ़ गई है। इस बीच, इजराइल का एक प्रतिनिधिमंडल वार्ताओं के लिए रविवार को मिस्र की राजधानी काहिरा जाएगा जबकि सोमवार को ब्लिंकन के इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात करने की संभावना है। हमास ने निकट भविष्य में समझौता होने को लेकर संदेह जताया है। इसने कहा है कि नवीनतम प्रस्ताव पिछले प्रस्ताव से काफी अलग है, जिसे उसने सैद्धांतिक रूप से स्वीकार कर लिया था।

प्रमुख खबरें

UPI MDR Charges: केंद्र सरकार वापस ले फैसला, PMK प्रमुख Anbumani Ramadoss ने उठाई मांग

UPI पर ग्राहकों से कोई शुल्क नहीं, Jyotiraditya Scindia ने समझाया MDR का नया नियम

Golf Course Road Hit-and-Run: गुरुग्राम कोर्ट ने आरोपी Kalyan Bainsla को 2 दिन की रिमांड पर भेजा

UPI Payment Charges और UPI New Rules सामने आते ही जनता खुश, Modi Hai To Sab Mumkin Hai